Home > अपना शहर ,
गीष्म ऋतु को ध्यान में रख कर पेयजल की पुख्ता कार्ययोजना बनायें – कलेक्टर अंतरविभागीय समन्वय बैठक में दिए निर्देश

गीष्म ऋतु के दौरान पेयजल की सुचारू आपूर्ति के लिए तत्परता से कार्ययोजना तैयार करें और स्वीकृति के लिए भोपाल भेजें । कार्ययोजना ऐसी हो जिससे ग्रामीण अंचल में हर गाँव, मजरा व टोला और शहरी क्षेत्र के हर वार्ड व मोहल्ला में पेयजल की किल्लत न रहे। यह निर्देश कलेक्टर डॉ.संजय गोयल ने अंतर विभागीय समन्वय बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं नगर निगम के अधिकारियों को दिए ।

      सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर ने एसडीएम सहित जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को हिदायत दी कि बे-मौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलायें। डा.गोयल ने कहा कि जिन किसानों की बीमित फसलों का 25 प्रतिशत से कम नुकसान पहुँचा है, उन्हें फसल बीमा योजना के प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया जल्द से पूर्ण करें। साथ ही फसलों का सही-सही आंकलन कर प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत राहत भी मंजूर करायें । बैठक में बताया गया कि ओलावृष्टि से प्रभावित जिले के लगभग 12 हजार किसानों को करीबन 9 करोड़ 72 लाख की राहत प्रारंभिक सर्वे में प्रस्तावित की गई है ।

      कलेक्टर ने इस साल के रबी मौसम में गेंहूँ उपार्जन के लिए अधिकाधिक किसानों का पंजीयन कराने पर भी विशेष जोर दिया । उन्होंने कहा इस बार गेंहूँ उपार्जन के लिए आधार कार्ड के आधार पर किसानों का पंजीयन किया जा रहा है । इसलिए जिन किसानों पर आधार कार्ड नहीं हैं, उनके आधारकार्ड बनवायें। डॉ.गोयल ने स्पष्ट किया कि इस काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी ।

      “मिल बाँचे मध्यप्रदेश” कार्यक्रम में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को जोड़ने के निर्देश कलेक्टर ने जिला शिक्ष अधिकारियों को दिए । साथ ही यह भी हिदायत दी कि हाई स्कूल एवं हायर सेकण्डरी बोर्ड परीक्षाओं में जिन प्राइवेट स्कूलों में अत्यधिक परीक्षार्थी बढ़े हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें ।

      नगर उदय अभियान के तहत 8 फरवरी को फूलबाग मैदान में आयोजित होने जा रहे सहायता वितरण कार्यक्रम में विभागीय प्रदर्शनी लगाने के निर्देश भी कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दिए । बैठक में सीएम हेल्प लाइन व लोक सेवा गांरटी प्रदाय सहित सरकार के अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की बैठक में समीक्षा की गई ।

      अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने बैठक में जानकारी दी कि आनंद विभाग की गतिविधियों के तहत शासकीय कार्यालयों में अल्प विराम कार्यक्रम आयोजित किये जायें । इस कड़ी में बुधवार 8 फरवरी को कलेक्ट्रेट में प्रात:11 बजे अल्प विराम कार्यक्रम रखा गया है ।

Share This News :