Home > अपना शहर ,
गरीब मरीजों की गंभीर बीमारियों के इलाज का जिम्मा सरकार ने लिया है – श्री रूस्तम

मुरैना में सात दिवसीय विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं शल्य चिकित्सा शिविर शुरू 

प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने कहा है कि प्रदेश सरकार सभी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाये उपलब्ध कराने के लिये कटिबद्ध है । गरीबों की गम्भीर बीमारियों के इलाज का जिम्मा सरकार ने अपने ऊपर लिया है । उन्होने यह बात मुरैना जिला मुख्यालय पर आयोजित सात दिवसीय विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं शल्य चिकित्सा शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में कही । कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय सांसद श्री अनूप मिश्रा ने की ।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री विवेक तन्खा, नेहरू युवा केन्द्र के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री डी.डी.शर्मा, महापौर मुरैना श्री अशोक अर्गल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना हर्षाना, पूर्व मंत्री एवं म.प्र. कुक्कुट बोर्ड के अध्यक्ष श्री मुन्सीलाल, विधायक श्री सत्यपाल सिंह सिकरवार, कलेक्टर श्री विनोद शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री विनीत खन्ना, रोटरी अन्तराष्ट्रीय के पूर्व अध्यक्ष श्री राजा साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, रोटरी संस्था के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे ।

      मध्यप्रदेश सरकार द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय रोटरी संस्था तथा राजकृष्ण तन्खा फाउण्डेशन तथा मध्यप्रदेश फाउण्डेशन के सहयोग से आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर “राहत-2017” के शुभारंभ अवसर पर स्‍वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान स्वास्थ्य के मामले में अति संवेदनशील है उन्होंने लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाये उपलब्ध कराने के लिये अनेक योजनायें संचालित की है । प्रदेश सरकार थैलीसीमिया से पीडित मरीजों के सम्पूर्ण ईलाज हेतु 15 लाख रूपये तक खर्च करती है । इसी प्रकार मुख्यमंत्री बाल श्रम योजना के तहत 6 लाख रूपये तक खर्च सरकार उठा रही है । मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत अब जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों के हृदय ऑपरेशन के लिये सहायता दी जाती है । राज्य बीमारी सहायता योजना के तहत मरीजो का उपचार बड़े अस्पतालो में कराया जा रहा है ।

      स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने कहा कि मुरैना में आयोजित स्वास्थ्य शिविर लोगो के लिये वरदान जाबित होगा । देश के ख्याति प्राप्त चिकित्सक की देखरेख में लोगों का ईलाज किया जा रहा है । उन्होने कहा कि लोगों के ईलाज में सरकार पैसे की कमी आडे नही आने देगी ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये सांसद श्री अनूप मिश्रा ने कहा कि दरिद्रनारायण की सेवा के उददेश्य से देशभर के चिकित्सक मुरैना में आकर मानव सेवा कर रहे हैं । इसका लाभ मरीजों को तो मिल ही रहा है। साथ ही चिकित्सक को भी इससे पुण्य लाभ मिलेगा।

      उन्होंने कहा कि रोटरी मेडीकल मिशन के तहत मुरैना में स्वास्थ्य शिविर लगाने का निर्णय सराहनीय कार्य है। इसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। श्री अनूप मिश्रा ने कहा कि 6 जनवरी से 13 जनवरी तक आयोजित इस शिविर में मुरैना, भिण्ड, धौलपुर तथा श्योपुर जिले के मरीजों का परीक्षण कर नि:शुल्क उपचार किया जायेगा। परीक्षण के उपरांत जिन्हें ऑपरेशन की जरूरत है, उनका ऑपरेशन ग्वालियर-मुरैना में किया जायेगा। आवश्यकता होगी तो दिल्ली में भी ऑपरेशन कराए जायेंगे।

      कार्यक्रम के विशेष अतिथि राज्यसभा सांसद श्री विवेक तन्खा ने कहा कि रोटरी मेडीकल मिशन के तहत शिविरों का आयोजन किया जाता है। इसमें पूर्व मण्डला, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, विदिशा में भी कैम्प लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य मानव सेवा है, इसमें विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक आकर परीक्षण और उपचार करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन ने इस शिविर के लिये सहयोग किया है।

      कार्यक्रम में नेहरू युवा केन्द्र के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री डी डी शर्मा ने कहा ‍िक मुरैना में आयोजित यह शिविर लोगों के लिये उपयोगी होगा। मुरैना और आसपास के जिलों के जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध होंगी।

      कार्यक्रम को रोटरी इंटरनेशनल के पूर्व अध्यक्ष श्री राजा साहू ने भी संबोधित किया। इस मौके पर कलेक्टर श्री विनोद शर्मा ने कहा कि मुरैना में आयोजित इस शिविर के लिये प्रशासन द्वारा पिछले तीन माह में मरीजों को चिन्हित किया जा रहा था। शिविर के लिये सरकार द्वारा भी राशि प्रदान की है। शिविर में आने वाले सभी मरीजों का परीक्षण एवं उपचार कराया जायेगा।

कार्यक्रम के प्रारंभ में रोटरी के जिला समन्वयक श्री भूपेन्द्र जैन ने सभी चिकित्सकों का स्वागत किया तथा शिविर के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह एवं सांसद श्री अनूप मिश्रा सहित अतिथियों ने शिविर में बनाए गए स्वास्थ्य परीक्षण के लिये विभिन्न काउण्टरों का अवलोकन किया तथा मरीजों के परीक्षण की व्यवस्था देखी।

  

Share This News :