Home > अपना शहर ,
लालिमा अभियान को गंभीरता से लें – डॉ. गोयल समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

खून की कमी (एनीमिया) एवं गिरता हुआ हीमोग्लोबिन तमाम बीमारियों और असमय मृत्यु के बहुत बड़े कारण हैं । इसलिए सरकार द्वारा शुरू किये गए “लालिमा अभियान’’ को गंभीरता से लें और एनीमिया नियंत्रण के लिए इसी त्रैमास में किशोरियों, बच्चों एवं धात्री महिलाओं का बेस लाइन सर्वे पूर्ण करें । साथ ही एनीमिया के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए जन-जागरण कार्यक्रम भी चलाएँ । यह निर्देश कलेक्टर डॉ.संजय गोयल ने लालिमा अभियान की जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए ।

      सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित हुई बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एस.जादौन, सिविल सर्जन डॉ.डी.डी.शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बृजेश कुमार त्रिपाठी एवं उप संचालक कृषि श्री बड़ोनिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे ।

कलेक्टर डॉ गोयल ने 9 फरवरी को आयोजित होने जा रहे कृमि नाशक दिवस को 6 माह से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को एबेण्डाजोल की गोली सेवन कराने पर भी बैठक में विशेष जोर दिया । कलेक्टर ने कहा लालिमा अभियान के लिए मॉनीटरिंग सीट तैयार की जाए । उन्होनें कहा इस मॉनीटरिंग सीट के आधार पर वे स्वयं अभियान के परिणामों का आंकलन करेगें । डॉ.गोयल ने साफ किया आंकलन में जिन शासकीय सेवकों की लापरवाही सामने आयेगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाही की जायेगी । उन्होनें कहा महिला बाल विकास, स्वास्थ्य एवं स्कूल शिक्षा विभाग आपसी समन्वय बनाकर इस अभियान को अंजाम दें ।

      कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि लालिमा अभियान के दौरान खास तौर पर सहरिया परिवारों की महिलाओं को आयोडीन युक्त नमक के फायदे बतायें । साथ ही उन्हें आयरन की गोली व रक्त अल्पता दूर करने में कारगर अन्य दवायें भी मुहैया करायें । उन्होंने लालिमा अभियान पर विद्यार्थियों की इंटर्नशिप कराने के लिए भी कहा ।

      जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि लालिमा अभियान के तहत एनीमिया की समस्या दूर करने के लिए व्यापक उपाय एवं जन –जागरूकता कार्यक्रम चलाये जायेंगे । इस तीन वर्षीय अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं को जीवन रक्षक गोलियां खाने के लिए प्रोत्साहित करना तथा रक्त अल्पता दूर करने के लिए विशेष प्रयास होंगे ।

Share This News :