Home > अपना शहर ,
“बंजर पहाड़ी ने ओड़ी हरियाली की चादर”

05 फरवरी 2017/ कल तक मुरूम की बंजर पहाड़ी के रूप में पहचानी जाने वाली महलगांव पहाड़ी अब 10 हजार से अधिक पेड़ों के जंगल का रूप ले चुकी है। इसका श्रेय राज्य सरकार द्वारा गत 7-8 वर्षों से चलाए जा रहे हरियाली अभियान और एक सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारी श्री विजयराम राठौर की सतत् मेहनत और लगन को जाता है।

      ग्वालियर शहर के मध्य ग्वालियर-झाँसी रेल लाईन के पास स्थित “महलगाँव की पहाड़ी” जो कभी करील और बबूल के इक्का-दुक्का पेड़ों से अपने पथरीले आंचल को ढ़कने का असफल प्रयास करती थी। आज लगभग 80 प्रजाति के वृक्षों नीम, सागौन, पलाश, महुआ, कचनार, बांस जैसे वृक्षों से सुसज्जित हो गई है, अमरूद, नींबू, कटहल, बेर, आड़ू, करोंदा, बेलपत्र जैसे फलदार और सौंजना, आंवला जैसे औषधीय पौधों को भी अपने आप में संवारे हुए नजर आने लगी है।

      ग्वालियर शहर से लगी और अब तो शहर के मध्य आ चुकी “महलगाँव पहाड़ी” को बसाने का प्रयोग आज से लगभग 20-25 वर्षों पूर्व हो गया था। जिला प्रशासन द्वारा  पहाड़ी को अपराधियों की शरण स्थली बनने से बचाने के लिये “कर्मचारी आवास सोसायटी” को मकान बनाने के लिये आवंटित कर की गई थी। सोसायटी द्वारा भी नाममात्र की दर पर अपने सदस्यों को भू-खण्ड आवंटित कर दिए गए, लेकिन आज से 9-10 वर्ष पूर्व तक शासकीय कर्मचारी इस पर आवास बनाने का प्रयास नहीं कर सकते थे क्योंकि बंजर मुरम का पहाड़, पानी का भी संकट, कैसे रहना होगा, लेकिन अब गत 7-8 वर्षों में “महलगाँव की यह कॉलोनी” शहर की पॉश और सबसे महँगी कॉलोनियों में शुमार हो गई है। इसका श्रेय भी “पर्यावरण मित्र संघ” के सदस्य और श्री राठौर को ही जाता है। आज चारों तरफ हरियाली, प्रदूषण मुक्त वायु और पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति।

      गजराराजा मेडीकल कॉलेज से 1998 में केयर टेकर जैसे छोटे से पद से सेवानिवृत्त होकर श्री राठौर ने पौधों के संरक्षण एवं समृद्धि को ही अपने जीवन का लक्ष्य बना लिया है। भिण्ड जिले की गोहद तहसील के ग्राम खड़ेर में जन्मे श्री विजय राम 1963 में साइंस विषय के साथ हायर सेकेण्ड्री पास करने के बाद गजराराजा मेडीकल कॉलेज में केयर टेकर के पद पर भर्ती हो गए। नौकरी के दौरान भी कॉलेज और होस्टल के पार्कों के रख-रखाव की जिम्मेदारी निभाते-निभाते इतने रच-बस गए कि सेवानिवृत्त होने के बाद इसे अपने शेष जीवन का लक्ष्य बना लिया। महलगाँव पहाड़ी पर श्री राठौर ने भी एक छोटा भू-खण्ड ले रखा था। नौकरी के बाद मकान बनाने आए तो बंजर पहाड़ी को देखकर उनका मन बहुत व्यथित भी हुआ, लेकिन उन्हें अपने शेष जीवन का लक्ष्य मिल गया। राठौर ने बिना किसी की मदद और सहयोग से अपने घर के सामने वाले हिस्से में नीम व आंवले के दो-दो पेड़ रोपे। पहाड़ी के नीचे से पानी लाकर उन्हें सींचना शुरू किया। बरसात के मौसम में पहाड़ी पर छोटी-छोटी ट्रेंच (गड्डे) बनाकर पानी रोकने और उसके आस-पास पौधे लगाना शुरू किया। दो-तीन वर्षों की मेहनत रंग लाने लगी। कॉलोनी के अन्य लोग भी इससे प्रेरित होने लगे। फिर गठन हुआ “पर्यावरण मित्र संघ” का। इसी बीच धीरे-धीरे पहाड़ी पर सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों ने मकान बनाना भी प्रारंभ कर दिया।

      श्री राठौर बताते हैं कि पहाड़ी पर सेवानिवृत्त सेलटैक्स ऑफीसर द्वारा उन्हें भरपूर आर्थिक मदद और प्रोत्साहन किया। वर्ष 2007-08 में राज्य सरकार का हरियाली महोत्सव अभियान भी प्रारंभ हो गया, तब तक श्री राठौर के प्रयासों की चर्चा शहर में होने लगी थी। तत्कालीन कलेक्टर और नगर निगम महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर द्वारा पहाड़ी पर 10 बीघा क्षेत्र में तार फैंसिंग कराकर श्री राठौर के पौधों की रक्षा और काम करने के लिये सुरक्षित वातावरण प्रदान कर दिया। पहाड़ी पर बंद पड़े बोरवेल में मोटर डालकर पानी की आपूर्ति प्रारंभ हो गई। फिर यह काम लगातार चलता गया। नगर निगम और जिला प्रशासन के साथ-साथ शहर के स्वयंसेवी संगठन, पर्यावरण विद् भी जुड़ने लगे। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ऑफिसर्स यूनियन, जैव विविधता बोर्ड सभी ने आर्थिक और सामग्री की मदद करने लगे हैं। अब तो पहाड़ी पर एक तालाब भी बन गया है। जो पेड़ पौधों के साथ वन्य जीव और पक्षियों का सहारा भी बना है।

      आज इस पहाड़ी पर विभिन्न प्रजातियों के लगभग 10 हजार पेड लहलहाने लगे हैं। नगर निगम द्वारा बोरिंग, वॉकिंग ट्रेक, ब्रेंच, झूले लगाकार इसे एक ऐसे रमणीक स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास शुरू कर दिया है, जिससे ग्वालियर शहरवासी बड़ी संख्या में मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक के लिये आएँ। श्री राठौर का सपना है कि इस पहाड़ी पर वन्य जीवों के संरक्षण के लिये एक छोटा ही सही “जू” विकसित किया जाए। विजयराम की लगन और मेहनत ने यह एक बार पुन: सिद्ध कर दिया कि अगर मन में कुछ करने की तीव्र इच्छा हो तो साधन स्वयं जुट जाते हैं, या फिर कहें कि “मैं तो बस अकेला ही चला था जानिवे मंजिल की ओर लोग मिलते गए कारवां बढ़ता गया”। महलगाँव पहाड़ी को संवारने में विजयराम के साथ “पर्यावरण मित्र संघ” के सदस्य भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। 

11 वर्षीय नाती भी बाबा का मददगार

      श्री विजय राम राठौर का 11 वर्षीय नाती “विनय” भी अपने बाबा का मददगार है, वह भी अपने प्रत्येक बर्थडे पर उतने ही पेड़ लगाता है जितनी उसकी वर्षगांठ होती है। सुबह स्कूल जाने से पूर्व बोरिंग शुरू कर पेड़ों को पानी और पक्षियों को दाना डालकर जाता है। स्कूल से लौटकर अन्य बच्चों की तरह क्रिकेट नहीं खेलता बल्कि अपने दोस्तों को इस हरे-भरे पौधे के बीच घुमाने और उन्हें पेड़ बचाने का संदेश देता है।

Share This News :