Home > अपना शहर ,
किशोर न्याय अधिनियम प्रावधानों पर दो दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न

अधिनियम के प्रावधानों के उपयोग में संवेदनशीलता आवश्यक – कलेक्टर डॉ. गोयल 

बाल अपराधों को रोकने के लिये बनाए गए किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों का उपयोग पूर्ण संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए। इनमें थोड़ी सी चूक भी बच्चों के भविष्य के लिये घातक सिद्ध हो सकती है। यह बात कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. संजय गोयल ने संभाग स्तरीय “किशोर न्याय अधिनियम 2015 कार्य संवर्धन” कार्यशाला में कही। कार्यशाला का आयोजन महिला एवं बाल विकास के रीजनल कॉर्डिनेटर और यूनीसेफ के संयुक्त तत्वावधान में मोटल तानसेन में किया गया।

      कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता डॉ. अनंत अष्ठाना, महिला-बाल विकास के रीजनल कोर्डिनेटर श्री सुरेश तोमर, यूनीसेफ विषय विशेषज्ञ श्री गुरजीत, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री शालीन शर्मा सहित ग्वालियर और चंबल संभाग के आठों जिलों ज्यूनलाई जस्टिस बोर्ड, सीडब्ल्यूसी, चाईल्ड लाईन हैल्थ केयर, एसजीयूपी के सदस्यगण उपस्थित थे।

      कलेक्टर डॉ. गोयल ने कहा कि बाल अपराध को नियंत्रित करने के लिये सरकार द्वारा किशोर न्यायालय अधिनियम 2015 और वर्तमान में किशोर न्याय नियम 2016 का गठन किया है। इन प्रावधानों का उद्देश्य बाल अपराध को रोकना और उनकी मानसिकता का अध्ययन कर वापस समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। डॉ. गोयल ने कहा कि सरकार द्वारा जो कानून बनाए गए हैं, उनका क्रियान्वयन कैसे बेहतर तरीके से किया जा सके, यह हम सबके लिये एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। बच्चे अपराध की ओर आकर्षित न हों और समाज में बाल उत्पीड़न की स्थिति निर्मित न हो, यह देखने का दायित्व भी हम सभी का है। उन्होंने इस अभियान से जुड़ने वाले सभी गैर शासकीय लोगों का अभिवादन किया और कहा कि आप लोग एक पुनीत कार्य में स्वयंसेवक के रूप में अपनी सेवायें दे रहे हैं, यह एक अच्छा कार्य है।

      पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने कहा कि कानूनी प्रावधानों को लागू करने में सबसे महत्वपूर्ण विषय यह है कि उनके क्रियान्वयन के समय हमारी मानसिकता क्या है। बाल अपराध और बाल उत्पीड़न को नियंत्रित करने के लिये प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने की आवश्यकता होती है। उन्होंने सदस्यों की सलाह पर प्रतिदिन “डेली क्राइम रिपोर्ट” में बाल अपराधों की जानकारी पृथक से उल्लेखित करने का सुझाव स्वीकार किया।

      प्रारंभ में श्री सुरेश तोमर ने कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डाला और कहा कि बच्चों से संबंधित विषयों को हम कल पर नहीं छोड़ सकते। बच्चों की मानसिकता को समझने की आवश्यकता होती है और अगर बच्चे से कोई गलती होती है तो हमें उसके दृष्टिकोंण से सोचकर उसका समाधान निकालना होगा। तभी हम बाल अपराध को नियंत्रित कर सकेंगे।

  

Share This News :