Home > अपना शहर ,
दिव्यांगों का तीन दिवसीय परीक्षण व उपचार शिविर 5 मार्च से

नि:शक्त कल्याण गतिविधियों के क्रम में 5 से 7 मार्च तक तीन दिवसीय दिव्यांग परीक्षण एवं वितरण शिविर का आयोजन किया जायेगा। इस शिविर के आयोजन के लिये कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा शिविर आयोजन करने वाली संस्था को उपकरण और दो लाख रूपए की राशि प्रदान की जा रही है।

      संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्‍त कल्याण श्री एस बी कबीरपंथी ने बताया कि लॉयन्स क्लब ग्वालियर क्लासिक द्वारा दिव्यांग परीक्षण एवं वितरण शिविर का आयोजन गालव गेस्ट हाउस में किया जायेगा। इस शिविर के आयोजन में जिला प्रशासन द्वारा भी नि:शक्त जनों के कल्याण के लिये 40 ट्राइसकिल, 30 व्हीलचेयर, 100 जोड़ी वैशाखी तथा निराश्रित निधि से दो लाख रूपए की सहायता राशि शिविर आयोजन हेतु उपलब्ध कराई जायेगी। तीन दिन तक चलने वाले इस शिविर में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के दिव्यांग बंधुओं को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवायें उपलब्ध कराई जायेंगी, जिसमें प्रथम दिवस उनका पंजीयन और परीक्षण किया जायेगा। उसके बाद द्वितीय और तृतीय दिवस में उनकी आवश्यकता के अनुसार डॉक्टर्स की सलाह पर उन्हें उपकरण या अन्य सहायता उपलब्ध कराई जायेगी।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार करने और उसमें अधिकाधिक जरूरतमंदों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

Share This News :