Home > राज्यो से ,
आप के तीन नेताओं ने मुझे फोन कर दिया उपमुख्यमंत्री बनने का ऑफर: सिद्धू

पंजाब में सत्तारूढ शिरोमणि अकाली दल- बीजेपी गठबंधन सरकार पर पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने लोकतंत्र को ‘डंडातंत्र’ बना देने का आरोप लगाया. हाल ही में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शमिल हुए सिद्धू ने गुरुवार को कहा कि आम आदमी पार्टी वालों ने उनसे संपर्क कर कहा था कि राज्य में एक साल अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री रहेंगे उसके बाद सब कुछ आप ही होंगे.

जालंधर छावनी इलाके में कांग्रेस उम्मीदवार परगट सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार करने आए कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने दावा किया कि मैं राज्यसभा से इस्तीफा देकर चुपचाप बैठ गया. अचानक आप के एक छोटे कद वाले नेता का फोन आया कि सिद्धू साहब आपके ऑफर को मैं नवीकरण करने आया हूं. आपको प्रदेश में उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि मैंने जब उसे कहा कि मैं तुमसे कोई ऑफर मांगने गया हूं जो मेरे पास आया है? तो इसके बाद पार्टी के तीन नेताओं के फोन आए और फिर से उपमुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया गया. जब मैंने पूछा कि मुख्यमंत्री कौन होगा तो तीनों ने कहा कि बस एक साल के लिए अरविंद केजरीवाल साहब होंगे और फिर आप ही सब कुछ रहेंगे.

सिद्धू ने कहा कि अब मैं केजरीवाल से पूछना चाहता हूं कि पंजाब का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा इसके बारे में वह यहां की आवाम को बताएं. इससे पहले कांग्रेस नेता ने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर बरसते हुए कहा कि मौजूदा गठबंधन सरकार ने राज्य में लोकतंत्र को डंडातंत्र बना के रख दिया है.

बीजेपी छोड़कर हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए सिद्धू ने कहा कि उन लोगों ने नारा दिया था कि राज नहीं सेवा, मैं यह नहीं कहूंगा कि सेवा नहीं हुई है. दस फीसदी सेवा हुई है जिसमें लोगों को डराना, लूटना, धमकाना और मारना पीटना शामिल है. सिद्धू ने कहा कि दस फीसदी सेवा हुई है तो 90 फीसदी क्या हुआ है. बादलों ने 90 फीसदी मेवा खाई है. पूरे पंजाब को लूट कर खा गए. सूबे को बर्बाद कर दिया. राज्य को पीछे धकेलने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी. हरित क्रांति वाले राज्य को और सबसे ज्यादा परमवीर चक्र जीतने वाले सूबे को मौजूदा सरकार ने कंगाल कर दिया.

मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर आरोप लगाते हुए सिद्धू ने कहा कि वे लोग राजनीति का धंधा करते हैं और करोडों लूटकर अपनी जेब भर रखी है और लोगों को डरा कर और इन्हीं पैसों के दम पर राज कर रहे हैं. सिद्धू ने यह भी कहा कि पंजाब में राजनेता, पुलिस और अपराधियों की मिलीभगत से नशे का कारोबार होता है और सरकार आने पर इसे रोकने के लिए सख्त से सख्त कानून बनाया जाएगा. इसलिए आप सब से अपील है कि बड़ी संख्या में परगट के पक्ष में वोट कर इन्हें विजयी बनाएं और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाने में मदद करें.

Share This News :