Home > अपना शहर ,
आत्मबल की बदौलत बड़े से बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं - श्री पवैया

उच्च शिक्षा मंत्री के मुख्य आतिथ्य में जेसी मिल्स उ.मा.वि. का वार्षिकोत्सव आयोजित 

आत्मविश्वास सदैव ऊँचा रखें और अपने अंदर हीनभावना न आने दें । आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति की बदौलत बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं । पूर्व राष्ट्रपति स्व. डॉ.अब्दुल कलाम आजाद, पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र  मोदी इसके उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जो साधारण से स्कूलों में पढ़कर सर्वोच्च शिखर पर पहुँचे । उक्त आशय का आहवान उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने जेसी मिल्स उ.मा. विद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह में मौजूद बच्चों से किया।

            गुरूवार की सांयकाल आयोजित हुए वार्षिकोत्सव समारोह को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने शिक्षा व विद्या का अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि किताबी शिक्षा केवल नौकरी या कमाने का माध्यम बनती हैं । विद्या वह है जिससे मनुष्य का सर्वागीर्ण विकास होता है । अर्थात व्यक्ति संस्कार, राष्ट्र भक्ति, दयाशीलता और शैक्षिक ज्ञान से परिपूर्ण होता हैं । उन्होंने बच्चों से यह भी कहा कि अंग्रेजी जरूर सीखें, मगर अपने ऊपर अंग्रेजियत को हावी न होने दें और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को न भूलें। श्री पवैया ने कहा शिक्षा रोजगार का साधन तो बने मगर राष्ट्रभक्ति भी मन में सदैव रहनी चाहिए । साथ ही कितने भी बड़े आदमी बन जाएँ पर माता-पिता, गुरूजन व परिवार के प्रति आदर भाव में कमी नहीं आनी चाहिए।

      आरंभ में मुख्य अतिथि श्री पवैया ने दीप प्रज्ज्वलित कर वार्षिकोत्सव का शुभारंभ किया। विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक सेंगर ने स्वागत उदबोधन दिया। मुख्य अतिथि ने स्कूल के प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम का संचालन श्री श्याम सिंह ने किया। वार्षिकोत्सव में संस्था के अन्य पदाधिकारी व आचार्य तथा बड़ी संख्या में बच्चे एवं उनके अभिभावक मौजूद थे ।

विद्यालय के फर्नीचर के लिये दो लाख देने की घोषणा

      मंत्री श्री पवैया ने इस मौके पर जेसी मिल्स विद्यालय की बालिकाओं के लिये अपनी विधायक निधि से दो लाख रूपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही भारतीय गणतंत्र दिवस पर एक आकर्षक पेंटिंग तैयार करने वाले स्कूली छात्र राहुल परेता को स्वेच्छानुदान से ढ़ाई हजार रूपए का पारितोषिक देने की घोषणा भी की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा

      वार्षिकोत्सव में जेसी मिल्स स्कूल के बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया । सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत सरस्वती वंदना से हुई । विश्व शांति के लिये बालिकाओं द्वारा बांग्ला गीत पर प्रस्तुत सामूहिक मंगल वंदना विशेष आकर्षण का केन्द्र रही । स्कूल के बच्चों ने हैरतअंगेज पिरामिड बनाकर सभी को रोमांचित कर दिया। इसके अलावा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

    

Share This News :