Home > अपना शहर ,
सहकारी बैंकों के सुदृढ़ीकरण के संबंध में संभाग आयुक्त एवं अपेक्स बैंक के एमडी ने ली अधिकारियों की बैठक

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों के सुदृढ़ीकरण के संबंध में आज अपेक्स बैंक के एमडी श्री प्रदीप नीखरा एवं संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला ने मोतीमहल के सभाकक्ष में ग्वालियर संभाग के बैंक अधिकारियों, कॉपरेटिव के अधिकारियों के साथ बैठक कर बैंकों के सुदृढ़ीकरण पर चर्चा की तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रूचिका चौहान, अपर कलेक्टर दतिया श्री आशीष गुप्ता, जिला पंजीयक सहकारिता और सहकारिता के अधिकारी उपस्थित थे।

      संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला ने कहा कि सहकारिता बैंक किसानों के हित में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती हैं। इसके माध्यम से ही किसानों को खाद-बीज के साथ ही किसानों को खेती-किसानी के लिये ऋण मुहैया कराए जाते हैं। इन बैंकों के सुदृढ़ीकरण हेतु बैंक की बकाया राशि की वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ वसूल किया जाना चाहिए। वसूली कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि वसूली की समीक्षा प्रत्येक सप्ताह में स्वयं करूँगा। इसके साथ ही संभाग के सभी कलेक्टरों से भी कहा जायेगा कि प्रत्येक सोमवार को होने वाली टीएल की बैठक में वसूली की समीक्षा की जाए। वसूली कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध पुलिस कार्रवाई भी की जायेगी।

      संभाग आयुक्त ने बैठक में निर्देश दिए कि चालू माह की शत प्रतिशत वसूली और बकाया की 50 प्रतिशत वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिये सभी अधिकारी अभियान चलाकर कार्रवाई करें। वसूली की कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार का भी सहयोग लिया जाए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से कहा कि बैंकों के कर्मचारियों पर जो बकाया है, उसकी वसूली सख्ती से की जाए। इसके लिये कलेक्टर अपने स्तर से भी कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई कर बैंकों की वसूली कराएँ। श्री रूपला ने कहा कि सहकारी संस्थाओं के माध्यम से खरीदी केन्द्र को और प्रभावी बनाया जाए। इसके साथ ही खरीदी केन्द्र के क्षेत्र में जो भी बकायादार हैं, उनको लिंकअप कराया जाए, ताकि कर्ज की वसूली भी खरीदी के समय ही हो सके। ऐसे खरीदी केन्द्र जिन पर पूर्व में खरीदी के दौरान लापरवाही बरती गई है, उन्हें आगे खरीदी केन्द्र न बनाने की कार्रवाई भी की जाए। इसके साथ ही खरीदी केन्द्र पर किसानों से खरीदी के समय ही खाद्यान्न की जाँच पड़ताल की जाए। खरीदने के पश्चात खाद्यान्न खराब है, इसकी शिकायत कर वापस की कार्रवाई न की जाए।

      बैठक में अपेक्स बैंक के एमडी श्री प्रदीप नीखरा ने कहा कि खरीदी के लिये किसानों का पंजीयन कराया जा रहा है। इसके तहत ग्वालियर में 1366, शिवपुरी में 4200, गुना में 1400, अशोकनगर में 948 का पंजीयन हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजीयन के साथ ही किसानों के बकाया ऋण को भी अंकित किया जाए, ताकि खरीदी के समय ऋण वसूली में दिक्कत न आए। इसके साथ ही खरीदी केन्द्र के साथ आस-पास की जो भी सोसायटियाँ हैं, उनको भी संबद्ध किया जाए। संबद्ध किए गए क्षेत्र के किसानों के ऋण का भी हिसाब-किताब रखा जाए।

      बैठक में संभाग आयुक्त ने जिलेवार और तहसीलवार चालू वर्ष और बकाया की वसूली की समीक्षा की तथा अधिकारियों को लक्ष्यवार वसूली करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वसूली की समीक्षा संभाग स्तर और जिला स्तर पर हर सप्ताह की जायेगी। वसूली कार्य में लापरवाही पाए जाने पर अधिकारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी।

Share This News :