Home > अपना शहर ,
साडा अध्यक्ष एवं कलेक्टर सिविल एयरपोर्ट के लिये जमीन तलाशने पहुँचे

ग्वालियर में नए सिविल एयरपोर्ट के लिये जमीन तलाशने के प्रयास गंभीरता से किए जा रहे हैं। इस सिलसिले में साडा अध्यक्ष श्री राकेश जादौन एवं कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने अधिकारियों की टीम के साथ साडा क्षेत्र में जमीन तलाशने के लिये पहुँचे।

      साडा अध्यक्ष एवं कलेक्टर ने खासतौर पर ग्राम दुगनावली एवं उसके समीपस्थ गाँवों में सिविल एयरपोर्ट स्थापित करने के लिहाज से जमीन देखी है। मालूम हो गत 30 जनवरी को डिजि-धन मेले में शिरकत करने आए केन्द्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री श्री जयंत सिन्हा की सिविल एयरपोर्ट को लकर साडा अध्यक्ष श्री राकेश जादौन से चर्चा हुई थी।

      स्थल निरीक्षण के बाद यह तय हुआ है कि सिविल एयरपोर्ट के लिये साडा क्षेत्र में प्रस्तावित जमीन के संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों से साडा द्वारा विचार-विमर्श किया जायेगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी की रिपोर्ट के बाद इस दिशा में अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।

      साडा क्षेत्र में सिविल एयरपोर्ट की जमीन के अवलोकन के लिये गए राजस्व अमले के दल में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री रिंकेश वैश्य, साडा की संपदा अधिकारी श्रीमती नीना गौर, सहायक यंत्री श्री अनिल सिंह चौहान व योजना अधिकारी श्री नवल सिंह राजपूत शामिल थे।

Share This News :