Home > अपना शहर ,
ब्राण्ड एम्बेसडर बेटियों के साथ साझा की राष्ट्रीय सम्मान की खुशियाँ

बेटियों को सम्मानित भी किया और नई कार्ययोजना के संबंध में लिए सुझाव 

कन्या भ्रूण हत्या को नियंत्रित करने के प्रयास फलीभूत होने पर ग्वालियर जिले को मिले राष्ट्रीय सम्मान की खुशियाँ बुधवार को ब्राण्ड एम्बेसडर बेटियों के साथ साझा की गईं। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा इस कार्यक्रम में जिले की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की सभी ब्राण्ड एम्बेसडर बेटियों को सम्मानित भी किया गया। पीसी-पीएनडीटी एक्ट की जिला सलाहकार समिति के तत्वावधान में यहाँ तानसेन रेसीडेंसी में आयोजित हुए कार्यक्रम में इस अभियान की आगामी कार्ययोजना पर भी सुझाव लिए गए।

मालूम हो राष्ट्रीय बालिका दिवस 24 जनवरी के अवसर पर देश की राजधानी में आयोजित हुए कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री श्रीमती मेनका गाँधी ने पीसी-पीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिये ग्वालियर कलेक्टर डॉ. संजय गोयल को सम्मानित किया था।

      कलेक्टर डॉ. गोयल ने बुधवार को आयोजित हुए ब्राण्ड एम्बेसडर बेटियों के सम्मान समारोह में कहा कि ग्वालियर जिले को यह गौरव पीसी-पीएनडीटी सलाहकार समिति की सक्रियता, ब्राण्ड एम्बेसडर बेटियों से जिले में निर्मित हुए सकारात्मक वातावरण, पीसी-पीएनडीटी एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन, सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थाओं, मीडिया और जिलेवासियों के सहयोग से मिला है। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिये जिले के सभी पंजीकृत 144 अल्ट्रासाउण्ड सेंटर व नर्सिंग होम की नियमित जाँच की जाती है। साथ ही सोनोग्राफी मशीनों में एक्टिव ट्रैकिंग डिवाइस भी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अल्ट्रासोनोग्राफी मशीनों में किस कंपनी के एक्टिव डिवाइस लगाए जाएँ, इसका कोई बंधन नहीं हैं। केवल इस बात का ध्यान रखा जाए कि जाँच के लिये इन डिवाइस से डाटा आसानी से उपलब्ध हो जाए। डॉ. गोयल ने कि शहर भर में बेटियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर पुलिस व नगर निगम के सहयोग से सीसीटीव्ही कैमरे भी लगवाए गए हैं।

      मीडिया प्रतिनिधि डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा ने जिले को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने के लिये कलेक्टर तथा पीसी-पीएनडीटी एक्ट सलाहकार समिति के सदस्यों को बधाई दी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस शर्मा व जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री शालीन शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए।

कार्यशाला में ब्राण्ड एम्बेसडर बेटी कु. आद्या दीक्षित ने बेटियों के सशक्तिकरण पर ओजस्वी उदबोधन दिया। एक अन्य ब्राण्ड एम्बेसडर बेटी कु. अंशिका ने मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। नन्हीं-मुन्हीं ब्राण्ड एम्बेसडर कु. मंत्रिता शर्मा ने ओजपूर्ण  कविता सुनाई। ब्राण्ड एम्बेसडर बेटी कु. आनवी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

      कार्यक्रम में जीआर मेडीकल कॉलेज के डॉ. अशोक मिश्रा, पीसी-पीएनडीटी एक्ट की नोडल अधिकारी डॉ. बिंदु सिंघल, पीसी-पीएनडीटी सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. व्ही के कुंदवानी, श्रीमती मधु भारद्वाज, डॉ. अनीता श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्यगण मौजूद थे। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्यरत स्वयंसेवी संगठन तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया के प्रतिनिधिगण मौजूद थे।

इन ब्राण्ड एम्बेसडर बेटियों का हुआ सम्मान

      उत्कृष्ट सामाजिक कार्यकर्ता कु. हिना सिकरवार, ताईक्वांडो की अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी कु. आस्था आनंद, राष्ट्रीय स्तर की रेसलर कु. रानी राणा, अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग तैराक कु. रजनी झा, नन्हीं-मुन्हीं उत्कृष्ट नृत्यांगना कु. आनवी रावत, राष्ट्रीय स्तर की कराटे खिलाड़ी कु. मानसी अग्रवाल, उत्कृष्ट नृत्यांगना कु. प्रियंका जादौन, तीन वर्षीय बहादुर बेटी कु. मंत्रिता शर्मा तथा फिल्म कलाकार एवं उत्कृष्ट नृत्यांगना कु. अंशिका शर्मा को कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया। ब्राण्ड एम्बेसडर बेटियाँ राष्ट्रीय स्तर की कराटे खिलाड़ी कु. नेहा गिरि, राष्ट्रीय जूनियर हॉकी प्लेयर कु. नेहा सिंह व कु. करिश्मा यादव को भी सम्मानित किया गया। इनके परिजनों ने सम्मान ग्रहण किया। इस मौके पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में सहयोग करने वाले अन्य सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

 

Share This News :