Home > अपना शहर ,
जिन प्राइवेट स्कूलों में अप्रत्याशित परीक्षार्थी बढ़े हैं, उनके खिलाफ करायें एफआईआर - डॉ. गोयल

अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश 

जिन प्राइवेट स्कूलों की 10वीं व 12वीं कक्षा में परीक्षार्थियों की संख्या अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है, उनकी जाँच संबंधित एसडीएम भी करें। यह जाँच एक हफ्ते में पूर्ण कर दोषी स्कूल प्राचार्यों और संचालकों के खिलाफ एफआईआर कराई जाए। साथ ही स्पष्टीकरण का जवाब संतोषप्रद न होने पर मान्यता अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जाए। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में दिए।

      मंगलवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में डॉ. गोयल ने सभी एसडीएम को हिदायत दी कि संबंधित संकुल प्राचार्यों से दस्तावेज लेकर प्राइवेट स्कूलों में अप्रत्याशित रूप से बढ़े विद्यार्थियों के कारणों की बारीकी से जाँच करें। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में ऐसे 51 विद्यालय सामने आए हैं, जिनमें बोर्ड कक्षाओं में 50 से 400 प्रतिशत तक विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है।

कलेक्टर ने बैठक में यह भी साफ किया कि इस बार की हाईस्कूल व हायरसेकेण्ड्री बोर्ड परीक्षाओं में हर केन्द्र पर जिला व खण्ड स्तरीय अधिकारी सम्पूर्ण परीक्षा के दौरान मौजूद रहेंगे। साथ ही संबंधित एसडीएम व तहसीलदार भी केन्द्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। किसी केन्द्र पर नकल होते पाई जाने पर केन्द्राध्यक्ष समेत ये सभी अधिकारी भी जवाबदेह होंगे। डॉ. गोयल ने “मिल बाचें मध्यप्रदेश” कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को भी जोड़ें।

सीएम हैल्पलाईन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों के एल-4 स्तर के अधिक आवेदन लंबित हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिये विभागीय प्रमुख सचिव को लिखा जायेगा। साथ ही इन्हें मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं मिलेगी। डॉ. गोयल ने सभी राजस्व अधिकारियों को भी आगाह करते हुए कहा कि जो राजस्व अधिकारी ग्रामीण आवास मिशन के हितग्राहियों को आवास के भू-अधिकार पत्र देने में देरी करेंगे, उनके खिलाफ विभागीय जाँच स्थापित की जायेगी।

कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूँ उपार्जन के लिये पंजीकृत हो रहे शत प्रतिशत किसानों का पटवारियों से सत्यापन करायें। उन्होंने कहा जो पटवारी इसमें लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पचास लाख से अधिक लागत के विकास कार्यों की समीक्षा भी बैठक में की गई।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह व अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान सहित जिले के सभी एसडीएम व विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

फूलबाग मैदान में 8 फरवरी को समारोहपूर्वक बटेगी सहायता

कलेक्टर द्वारा नगर उदय अभियान की समीक्षा भी की गई। बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत जिले में 23 हजार 263 हितग्राही चयनित किए गए हैं, जिन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत लगभग 28 करोड़ रूपए लागत की सहायता वितरित की जायेगी। इसके लिये 8 फरवरी को फूलबाग मैदान पर कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। डॉ. गोयल ने फूलबाग मैदान पर आयोजित होने जा रहे समारोह में संबंधित विभागों को स्टॉल लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाने को भी कहा है। सहायता वितरण शिविर संबंधित नगर पालिका व नगर पंचायत में भी आयोजित किए जायेंगे।

Share This News :