Home > अपना शहर ,
सहकारी समितियों में नए सदस्य बनाने का विशेष अभियान जारी

ग्वालियर-चंबल संभाग में 70 हजार से अधिक नए कृषक सदस्य बने 

प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को खेती के लिये बिना ब्याज (शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर) कृषि ऋण मुहैया कराया जाता है। सरकार के इस महात्वाकांक्षी निर्णय के तहत संभाग के अधिकाधिक किसानों को लाभान्वित कराने के मकसद से किसानों को कृषि साख सहकारी संस्थाओं का सदस्य बनाने के लिये विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत ग्वालियर-चंबल संभाग में पिछले एक पखवाड़े के भीतर 70 हजार से ज्यादा नए सदस्य बनाए गए हैं। सरकार द्वारा समय पर कृषि ऋण चुकता करने वाले किसानों को 10 प्रतिशत की छूट भी दी जाती है।

     संयुक्त पंजीयक सहकारिता श्री राजकिशोर वाजपेयी ने बताया कि गत 14 जनवरी से जारी विशेष अभियान के तहत ग्वालियर संभाग में कृषि सहकारी संस्थाओं के कुल 47 हजार 320 सदस्य बनाए गए हैं। इनमें ग्वालियर जिले के 12 हजार 487, शिवपुरी जिले के 16 हजार 798, गुना के 5 हजार 429, अशोकनगर के 5 हजार 772 व दतिया जिले के 6 हजार 837 सदस्य शामिल हैं।

     इसी प्रकार चंबल संभाग के मुरैना जिले में 13 हजार से अधिक, श्योपुर में 3 हजार 466 व भिण्ड जिले में 9 हजार 776 नए कृषक सदस्य बनाए गए हैं। इस प्रकार चंबल संभाग में कुल 23 हजार 602 नए कृषक सदस्य विशेष अभियान के तहत बनाए गए हैं।

     संयुक्त पंजीयक श्री वाजपेयी ने बताया कि सहकारी संस्थाओं के जरूरतमंद कृषक सदस्यों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर कृषि ऋण मुहैया कराया जायेगा। साथ ही सहकारी बैंकों में बिना किसी राशि के खाता भी खुलवाया जायेगा।

Share This News :