Home > अपना शहर ,
बाल विवाह रोकने कलेक्टर ने दल गठित किए

बाल विवाह कराने वालों को मिलेगा दो साल का कारावास व एक लाख का अर्थदण्ड 

बाल विवाहों पर कड़ाई से अंकुश लगाने के मकसद से कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा निगरानी दल गठित किए गए हैं। खासतौर पर बसंत पंचमी एक फरवरी के दिन प्रस्तावित सामूहिक विवाह सम्मेलनों को ध्यान में रखकर डॉ. गोयल द्वारा संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी के नेतृत्व में यह दल गठित किए हैं।

कलेक्टर डॉ. गोयल ने सामूहिक विवाह सम्मेलनों के आयोजकों एवं जिलेवासियों से भी अपील की है कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक बुलाई है। इसलिये यह ध्यान रखें कि किसी भी कन्या का बाल विवाह न हो। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बाल विवाह कराने वालों के खिलाफ बाल विवाह रोकथाम अधिनियम के तहत दो वर्ष तक का कारावास या एक लाख रूपए का जुर्माना अथवा दोनों दण्ड देने का प्रावधान है। डॉ. गोयल ने कहा है कि बाल विवाह कराने और उसमें सहयोग करने वाले व्यक्ति, संस्थायें, संगठन सभी के खिलाफ इस अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने का प्रावधान है।

उन्होंने प्रिंटिंग प्रेस, हलवाई, कैटर्स, धर्मगुरू, विभिन्न समाज के मुखिया, बैण्ड मालिक व ट्रांसपोर्ट आदि से संबंधित लोगों से भी अनुरोध किया है कि उम्र संबंधी प्रमाण-पत्र प्राप्त कर व उसका परीक्षण करने के बाद ही अपनी सेवायें प्रदान करें। कलेक्टर ने विवाह पत्रिका मुद्रित करने वाले प्रिंटिंग प्रेस के संचालकों से भी अपील की है‍ कि वे विवाह पत्रिका में वर-वधु के बालिक होने संबंधी बात का स्पष्ट रूप से उल्लेख करें।

बाल विवाह की सूचना यहाँ पर दें

      किसी भी जगह बाल विवाह होता पाया जाए तो इसकी सूचना समीपस्थ एसडीएम, सीएसपी, एसडीओपी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी, क्षेत्रीय परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी इत्यादि को दी जा सकती है। साथ ही जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के दूरभाष नम्बर 0751 - 2446216 व 2446217 पर भी इसकी सूचना दी जा सकती है।

यह दल करेंगे रखेंगे बाल विवाह पर नजर

  • मुरार परिक्षेत्र – एसडीएम श्री गणेश जायसवाल, सीएसपी श्री रतनेश तोमर व प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती अर्चना बैस।
  • ग्वालियर परिक्षेत्र – एसडीएम श्री रिंकेश वैश्य, सीएसपी श्री बी एस रघुवंशी व बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती अंजू कौरव।
  • लश्कर परिक्षेत्र – एसडीएम श्री विजय राज, सीएसपी श्री दीपक भार्गव व बाल विकास परियोजना सुश्री प्राची शर्मा।
  • झाँसी रोड़ परिक्षेत्र – एसडीएम श्री महिप तेजस्वी, सीएसपी श्री डीबीएस भदौरिया व बाल विकास परियोजना अधिकारी श्री विजय कुमार जैन।
  • ग्रामीण क्षेत्र – संबंधित एसडीएम के नेतृत्व में संबंधित एसडीओपी व बाल विकास परियोजना अधिकारी बाल विवाह पर नजर रखेंगे।

Share This News :