Home > अपना शहर ,
डिजिटाइजेशन के बाद देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है – केन्द्रीय मंत्री श्री सिन्हा

डिजि-धन मेला सम्पन्न 

कैश के डिजिटाइजेशन के बाद देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है और इसके बेहतर परिणाम आगामी कुछ समय में देखने को मिलेंगे। यह बात केन्द्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री श्री जयंत सिन्हा ने आज ग्वालियर व्यापार मेला परिसर स्थित फैसिलिटेशन सेंटर में डिजि-धन मेला के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कही।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, साडा अध्यक्ष श्री राकेश जादौन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवेश शर्मा व श्री वीरेन्द्र जैन, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, नीति आयोग के अतिरिक्त संचालक श्री शिव सिंह मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्रायें उपस्थित थे।

केन्द्रीय उड्डयन राज्य मंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मुद्रा के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया का शुभारंभ 8 नवम्बर 2016 को 500 और 1000 रूपए के नोटों को बदलने के साथ प्रारंभ हुआ। इस व्यवस्था के लागू होने के कारण देश में भ्रष्टाचार, आतंकवाद, जमाखोरी, कालाधन पर अंकुश लगाया जा सका है। उन्होंने नोटबंदी की प्रक्रिया और उसके संबंध में सरकार की सोच स्पष्ट करते हुए कहा कि यह व्यवस्था जिसे लोगों द्वारा नोटबंदी कहा गया है। वास्तविकता में यह नोटबंदी न होकर नोट बदली की प्रक्रिया थी। जिसने देश की अर्थव्यवस्था को बदला है।

उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था लागू हो जाने के बाद सरकार “सबका साथ-सबका विकास” के मूल मंत्र को मूर्तरूप में परिवर्तित कर रही है। यह व्यवस्था लागू होने से देश की कैश इकोनोमी को नियंत्रित किया जा सका है और टैक्स जीडीपी बढ़ी है। बैंकों के पास राशि बढ़ी है, जिससे बैंकों की ब्याज दर कम हुई है, उसका लाभ आम लोगों को मिल रहा है। उन्होंने डिजिटाइजेशन के लाभों को स्पष्ट करते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था की गति बढ़ेगी। लोगों को नगद धनराशि रखने की आवश्यकता नहीं होगी। डिजिटल पेमेन्ट करने की प्रक्रिया से व्यापारी वर्ग की साख बैंकों और सरकार की निगाह में बढ़ेगी। इसका लाभ भी उन्हें मिलेगा।

श्री सिन्हा ने ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा लोगों को डिजि-धन के बारे में समझाने के लिये आयोजित मेले के लिये बधाई दी और कहा कि डिजिटल भुगतान एक आसान प्रक्रिया है। इसमें युवाओं को आगे आकर व्यवहार में अपनाना चाहिए।

इससे पूर्व कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने डिजि-धन मेले के आयोजन के विषय में बतलाया और उन्होंने मेले में आए छात्र-छात्राओं से कहा कि वह लोग अपने माता-पिता और मिलने वालों को इसके लिये प्रेरित करें, उन्हें समझाएँ कि यह बहुत आसान प्रक्रिया है। जिस तरह हम सामान्य मोबाइल का उपयोग करते हैं, उसी तरह से मोबाइल के माध्यम से हम पैसे का लेन-देन आसानी से कर सकते हैं। इसके लिये सरकार और बैंकों द्वारा विभिन्न एप विकसित किए हैं, जो व्यवहार में बहुत आसान है।

कार्यक्रम के दौरान डिजिटल पेमेन्ट प्रक्रिया को लोकप्रिय बनाने के लिये विभिन्न बैंकिंग संस्थाओं द्वारा उपयोग किए जा रहे एप्स के उपयोगकर्ताओं को लॉटरी द्वारा चयनित किया गया। इस प्रक्रिया में एसएसडी, यूपीआई, रूपे एप्स के विजेताओं के ड्रॉ निकाले गए। इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा महाविद्यालय और विद्यालय स्तर पर डिजिटल पेमेन्ट प्रक्रिया के संबंध में आयोजित की गईं विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।

जिनमें पोस्टर प्रतियोगिताओं में महाविद्यायीन स्तर के लिये खुशबू बाथम प्रथम, जिंगल में अंकित मंगल प्रथम, स्लोगन लेखन में आकाश पाठक प्रथम, विद्यालयीन प्रतियोगिताओं में पोस्टर में सुमित प्रथम, बेस्ट स्लोगन में कु. भावना राजपूत प्रथम, जिंगल में कु. संध्या प्रजापति और कु. रूकमणि पाराशर प्रथम, स्लोगन लेखन में कु. आयुषी मिश्रा को प्रथम, पोस्टर लेखन में कु. शिखा वर्मा को प्रथम पुरस्कार अतिथिगण द्वारा प्रदान किया गया।

ओलम्पिक महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी रहीं आकर्षण का केन्द्र

      डिजि-धन मेले में ब्राण्ड एम्बेसडर के रूप में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी कु. प्रीति दुबे, सुशीला चानू, रेणुका यादव, एच फैली, मोनिका मलिक व पूनम रानी भी मंच पर आसीन रहीं। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं के लिये ये खिलाड़ी आकर्षण का मुख्य केन्द्र रहीं। केन्द्रीय मंत्री श्री सिन्हा ने भी ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली इन खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनायें दीं।

मेले में विभिन्न बैंकों और विभागों द्वारा लगाए गए अपने स्टॉल

      डिजि-धन मेला परिसर में सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों तथा ऐसे शासकीय विभाग जो धन का आमजन से लेन-देन करते हैं। उन्होंने स्टॉल लगाई और आने वाले लोगों को डिजिटल पेमेन्ट की प्रक्रिया के बारे में बतलाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने भी हर स्टॉल का जायजा लिया।

जिले के सात कार्यालय घोषित हुए कैशलेस

      मेले के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह ने बताया कि ग्वालियर जिले के सात कार्यालय 1. सेना, 2. कलेक्ट्रेट, 3. जिला पंचायत और उसकी सभी जनपद पंचायतें, 4. नगर निगम, 5. खादी ग्रामोद्योग, 6. एमपीसीटी कॉलेज और 7. प्रेस्टीज कॉलेज ने अपने आप को पूर्णत: कैशलेस बना लिया है।

    

Share This News :