Home > अपना शहर ,
मेले में आज डिजिटल मेला

कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा डिजिटल ट्रांजेक्शन प्रक्रिया से लोगों को अवगत कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय मेले का आयोजन ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के फैसिलिटेशन सेंटर में 30 जनवरी को प्रात: 10 बजे से आयोजित किया जायेगा। इस मेले का शुभारंभ केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर करेंगे। मेले में दुग्ध महासंघ, विद्युत विभाग, कृषि विभाग और बैंकर्स को अपने-अपने स्टॉल लगाकर कैश रहित व्यवस्था की जानकारी देंगे और डिजिटल ट्रांजेक्शन के संबंध में भी लोगों को बतायेंगे।

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को अनिवार्यत: इस मेले में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। डॉ. गोयल ने बताया कि मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए जायेंगे। इसके साथ ही विभिन्न बैंकों और विभागों द्वारा कैशलेस व्यवस्था के संबंध में काउण्टर लगाकर लोगों को जानकारी दी जायेगी।

      नगर निगम, जिला पंचायत, विशेष क्षेत्र प्राधिकरण, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण, कृषि आदि विभागों से संबंधित पंचायतीराज एवं नगरीय निकाय के पदाधिकारियों से डिजिटल मेले में उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है। इसके साथ ही नगद रहित व्यवस्था से जुड़े आम लोगों से भी मेले का लाभ उठाने की अपील की है।

अंतर्राष्ट्रीय हॉकी सेलिब्रिटी भी आयेंगे मेले में

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह ने बताया कि मेले में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी की सेलिब्रिटी खिलाडियों की टीम शिरकत करेगी। उन्होंने बताया मेले में बैंक खाता खोलने, आधार पंजीयन, कैशलेस लेनदेन की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। बैंकों के स्टाल के माध्यम से सभी को इस प्रक्रिया से रू-ब-रू कराया जाएगा। कैशलेस लेनदेन करने वालों के लिए विशेष पुरस्कार भी लकी ड्रा के माध्यम से रखे गए हैं।

Share This News :