Home > अपना शहर ,
प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को साधन व सुविधाओं की कमी नहीं आने देगी – श्रीमती माया सिंह

ओलम्पियन शगुन चौधरी की मौजूदगी में विधायक कप फुटबॉल व खो-खो प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण कार्यक्रम सम्पन्न

वॉकिंग क्लब-ए ने जीती विधायक कप फुटबॉल प्रतियोगिता 

खेल के क्षेत्र में प्रदेश व देश का नाम रोशन करने के लिये युवा शक्ति आगे आए। प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को साधन और सुविधाओं की कमी नहीं आने देगी। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने विधायक कप फुटबॉल एवं खो-खो प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद खिलाड़ियों से कही। यहाँ मिनी स्टेडियम दर्पण कॉलोनी में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में ओलम्पियन एवं शूटिंग की राष्ट्रीय चैम्पियन रहीं सुश्री शगुन चौधरी व ग्वालियर जिले की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की ब्राण्ड एम्बेसडर व उभरती हुई रेसलिंग खिलाड़ी सुश्री रानी राणा विशेष तौर पर मौजूद थीं।

      नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह की पहल पर आयोजित हुए ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक कप में लगभग डेढ़ दर्जन फुटबॉल और बालिकाओं की 42 खो-खो टीमों ने हिस्सा लिया। फुटबॉल प्रतियोगिता का फायनल मैच वॉकिंग क्लब-(ए) ने एलएनआईपीई अकादमी को 2-0 से पराजित कर जीता। इस प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर वॉकिंग क्लब – (बी) की टीम रही। इसी प्रकार बालिकाओं की खो-खो प्रतियोगिता पर एलएनआईपीई ने व्हीआरजी कॉलेज को पराजित कर जीता। तीसरे स्थान पर पुष्पा क्लब की टीम रही।

      पुरस्कार वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओलम्पियन सुश्री शगुन चौधरी ने कहा कि खुशी की बात है कि ग्वालियर में खेलों को विशेष महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने बालिकाओं की खो-खो प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि लड़कियां भी अब किसी क्षेत्र में कमतर नहीं है। वे हर क्षेत्र में सफलता के परचम लहरा रही हैं। सुश्री शगुन चौधरी ने ग्वालियर की साफ-सफाई व्यवस्था की भी इस मौके पर खुलकर सराहना की।

      महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में उत्कृष्ट ढंग से विधायक कप का आयोजन किया गया है। इसके लिये इस आयोजन से जुड़े सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं। श्री शेजवलकर ने कहा कि जो टीमें जीत नहीं पाई हैं, उनके खिलाड़ी फिर से मेहनत करें, उन्हें सफलता जरूर मिलेगी।

कार्यक्रम में ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी तथा श्री वेदप्रकाश शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। स्वागत उदबोधन श्री मनीष तोमर ने दिया। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती प्रमिला वाजपेयी तथा सर्वश्री देवेश शर्मा, धीर सिंह तोमर, रामबेटी कंषाना, धर्मेन्द्र राणा, दिनेश दीक्षित, बलवीर सिंह तोमर, पुरूषोत्तम टमोटिया व श्रीमती सुमन शर्मा सहित विधायक कप के आयोजन से जुड़े अन्य सदस्यगण मौजूद थे।

फुटबॉल विजेता को 31 व खो-खो टीम विजेता को मिला 15 हजार का पुरस्कार

      विधायक कप फुटबॉल की विजेता टीम वॉकिंग क्लब-ए को अतिथियों ने 31 हजार रूपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया। उपविजेता टीम को 21 एवं तृतीय स्थान पर रही टीम को 11 हजार रूपए का पारितोषिक दिया गया। खो-खो टीम की विजेता एलएनआईपीई को 15 हजार, व्हीआरजी कॉलेज को 10 हजार और पुष्पा क्लब की टीम को 7 हजार रूपए से नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विजेता टीम को कप सहित अन्य टीमों को ट्रॉफी व अन्य पुरस्कार प्रदान किए गए।

Share This News :