Home > अपना शहर ,
प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद के घर का सपना साकार करेगी – श्रीमती माया सिंह

नगरीय विकास मंत्री ने किया हाउसिंग बोर्ड की आवासीय परियोजना

कावेरी एन्क्लेव का भूमि पूजन 

प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद के घर का सपना साकार करेगी। सरकार इस दिशा में पूरी शिद्दत के साथ प्रयासरत है। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कही। श्रीमती माया सिंह मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल की महात्वाकांक्षी “कावेरी एन्क्लेव” के भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने की।

      रविवार को यहाँ दर्पण कॉलोनी स्थित हाउसिंग बोर्ड के पुराने विश्रामगृह स्थल पर आयोजित हुए कार्यक्रम में नगरीय विकास मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ऐसा पहला राज्य है जिसने आवासीय योजनाओं में मकान बुक कराने वाले हितों का पूरा ध्यान रखा है। सरकार ने एक ऐसा कानून बनाया है कि कोई भी बिल्डर मकान खरीदने वालों के खिलाफ अन्याय नहीं कर सकेगा। बिल्डर को हर हाल में उन शर्तों और वादों का पालन करना होगा, जो आवासीय परियोजना में दर्शायी गई होंगी। श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर शहर में भी जरूरतमंदों को आवास मुहैया कराने के लिये नगर निगम हाउसिंग बोर्ड व ग्वालियर विकास प्राधिकरण के सहयोग से वृहद स्तर पर आवासीय योजनायें मूर्त रूप दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत भी पड़ाव से लेकर ठाठीपुर क्षेत्र में अत्याधुनिक आवासीय एवं व्यवसायिक योजनायें मूर्त रूप दी जायेंगी।

      महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सभी वर्गों को आवास मुहैया कराने के लिये आवासीय योजनायें बनाई हैं। इसी के तहत हाउसिंग बोर्ड द्वारा कावेरी एन्क्लेव का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि आवासीय परियोजना उच्च गुणवत्ता के साथ तैयार होगी और यहाँ के रहवासी एक अच्छे वातावरण में रह सकेंगे।

      उल्लेखनीय है दर्पण कॉलोनी हाउसिंग बोर्ड के पुराने विश्राम गृह स्थल पर लगभग 1467 वर्ग मीटर क्षेत्र में 614 लाख से अधिक लागत से कावेरी एन्क्लेव का निर्माण किया जा रहा है। इस आवासीय योजना के तहत 12 एचआईजी आवास (3बीएचके) और इतने ही एमआईजी आवास (2बीएचके) बनाए जा रहे हैं। एनआईजी आवास की लागत 54 लाख और एमआईजी आवास की लागत 42 लाख रूपए रखी गई है। यह आवासीय परियोजना नवम्बर 2018 में पूर्ण होगी।

      कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री राकेश माहौर, सर्वश्री धीर सिंह तोमर, रामेश्वर भदौरिया, नरेन्द्र त्रिपाठी व अशोक जादौन मंचासीन थे। आरंभ में अतिथियों ने पट्टिका का अनावरण कर आवासीय परियोजना का भूमि पूजन किया। स्वागत उदबोधन हाउसिंग बोर्ड के उपायुक्त श्री महेन्द्र सिंह ने दिया। कार्यक्रम का संचालन स्थानीय पार्षद श्री दिनेश दीक्षित ने किया।

Share This News :