Home > अपना शहर ,
फसलों के नुकसान की भरपाई में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी – श्री चौहान

मुख्यमंत्री बामौर में ओला पीड़ित किसानों के बीच पहुँचे 

ओला एवं बेमौसम बारिश से किसानों की फसलें तबाह हुई हैं, लेकिन हम उनकी जिंदगी तबाह नहीं होने देंगे। संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी ताकत के साथ किसानों के साथ खड़ी है। फसलों की क्षति का तत्परता से आंकलन कराया जायेगा और किसानों को जल्द से जल्द राहत मुहैया कराई जायेगी। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार की सायं मुरैना जिले के बामौर कस्बे में ओला प्रभावित किसानों को ढांढस बंधाते हुए कही।

      मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा जिला कलेक्टर को निर्देश दिए गए हैं कि पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ फसलों का तत्परता से सर्वेक्षण करायें। उन्होंने कहा क्षति के आंकलन के बाद दो तरह से फसलों के नुकसान की भरपाई की जायेगी। उन्होंने कहा जिन किसानों ने अपनी फसल का बीमा कराया है, उन्हें 25 प्रतिशत राशि प्राथमिक आंकलन के बाद दिलाई जायेगी। बाद में पूरा भुगतान कराया जायेगा। सरकार इसकी खुद मॉनीटरिंग करेगी। जिन किसानों ने फसल का बीमा नहीं कराया है, उनकी भरपाई सरकार खुद करायेगी। श्री चौहान ने यह भी कहा कि जिन किसानों की फसलों का नुकसान 50 प्रतिशत से ज्यादा हुआ है, उनकी बेटियों के विवाह के लिये सरकार 25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता मुहैया करायेगी। साथ ही ओला प्रभावित किसानों की कर्ज वसूली भी स्थगित की जायेगी। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार अगली साल की फसल के लिये ओला प्रभावित किसानों को सुगमता से कृषि ऋण भी मुहैया करायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों की फसलों में कुछ भी नहीं बचा है, उन्हें एक रूपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से राशन मुहैया कराया जायेगा।

      मुख्यमंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी फसलों का सही-सही आंकलन किया जायेगा। इस संबंध में जिला कलेक्टर को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ओला प्रभावित किसानों के बच्चों की पढ़ाई की चिंता भी सरकार करेगी।

      इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने भी किसानों को जल्द से जल्द राहत मुहैया कराने के लिये आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने चिंता जाहिर की थी। साथ ही अधिकारियों को तत्परता से और उदारता के साथ सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए थे।

      इस मौके पर सांसद श्री अनूप मिश्रा, मुरैना नगर निगम के महापौर श्री अशोक अर्गल व सभापति श्री अनिल गोयल, मुरैना भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री अनूप सिंह भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।

      जिला कलेक्टर श्री विनोद शर्मा ने बताया कि मुरैना जिले में 26 जनवरी के दिन हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से लगभग 63 गाँवों की फसलें प्रभावित हुई हैं। फसलों के सर्वेक्षण के लिये संयुक्त दल गाँव-गाँव में भेजे गए हैं। सर्वेक्षण की कार्रवाई जल्द से जल्द पूर्ण की जायेगी।

किसानों के बीच पहुँचकर बंधाया ढांढस

      मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान इस अवसर पर मौजूद ओला प्रभावित किसानों से एक-एक कर मिले और जो किसान साथ में क्षतिग्रस्त फसल लेकर आए थे, उसका अवलोकन भी किया। उन्होंने किसानों के बीच जाकर सभी को भरोसा दिलाया कि आप फसल की साल हारे हैं, जिंदगी नहीं। सरकार राहत मुहैया कराने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी।

  

Share This News :