Home > अपना शहर ,
खादी को तकनीक से जोड़कर बढ़ायेंगे आय – केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री गिरिराज सिंह

ग्वालियर में उत्तर भारत की पहली एवं देश की तीसरी “राष्ट्रीय ध्वज” कर्मशाला शुरू  

खादी को तकनीक से जोड़कर आय का प्रमुख जरिया बनाया जायेगा। खादी निर्माण से जुड़े कामगार नव उद्यमियों (एंटरप्रोयनर) के रूप में आगे आएँ, सरकार से इसमें पूर्ण सहयोग मिलेगा। यह बात केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्य मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने कही। श्री सिंह मध्यभारत खादी संघ ग्वालियर द्वारा “राष्ट्रीय ध्वज” निर्माण के लिये स्थापित उत्तर भारत की पहली एवं देश की तीसरी कर्मशाला के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने की। महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर इस अवसर पर बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद थे।

      शनिवार को यहाँ जीवाजीगंज स्थित मध्यभारत खादी संघ परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा है कि खादी से जुड़े कामगारों की आमदनी बढ़े। इस मकसद से सरकार सोलर चलित चरखा के प्रचलन को बढ़ावा देगी। इससे उत्पादन और आमदनी दोनों बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग के साथ तालमेल बिठाकर खादी उत्पादन के क्षेत्र में भी नवाचार की जरूरत है। श्री गिरिराज सिंह ने कहा कि हम ऐसे खादी वस्त्र उत्पादित करें जो सस्ते, गुणवत्तायुक्त और पहनने वालों की पसंद के हों। उन्होंने कहा खादी को तकनीक से जोड़ने के लिये देशभर के 2300 खादी संस्थानों से सरकार की चर्चा चल रही है। जल्द ही इसके सुखद परिणाम सामने आयेंगे।

केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं तक खादी को ले जाने की पहल की है। सरकार की नीतियों की बदौलत खादी वस्त्रों की बिक्री 7 से बढ़कर अब 24 प्रतिशत तक पहुँच गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि खादी से पाँच करोड़ लोगों को रोजगार मिले। उन्होंने कहा हम खादी संस्थाओं के सहयोग से देश ही नहीं दुनियाभर में खादी को पुन: लोकप्रिय बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। श्री गिरिराज सिंह ने कहा कि खादी वस्त्र नहीं एक विचार है। इसमें आध्यात्मिकता भी जुड़ी है। राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी ने खादी को अर्थ का साधन बनाने की पहल की थी। सरकार इसी अवधारणा पर आगे बढ़ रही है।

प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर में उत्तर भारत की पहली एवं देश की तीसरी राष्ट्रीय ध्वज निर्माण कर्मशाला शुरू होने से ग्वालियर ही नहीं पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने इसके लिये मध्यभारत खादी संघ ग्वालियर के पदाधिकारियों व कामगारों को बधाई और शुभकामनायें दीं।

आरंभ में अतिथियों ने फीता काटकर एवं पट्टिका का अनावरण कर राष्ट्रीय ध्वज निर्माण कर्मशाला का शुभारंभ किया। साथ ही ध्वज निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में मध्यभारत खादी संघ के अध्यक्ष श्री वासुदेव शर्मा ने कर्मशाला के बारे में जानकारी दी। अंत में श्री रमेश नायक ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।  मध्य भारत खादी संघ के सचिव श्री बृजमोहन परिहार सहित अन्य पदाधिकारी एवं खादी कर्मशाला के कामगार मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन राज्य सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष श्री अरूण सिंह तोमर ने किया।

मुम्बई व हुबली के बाद ग्वालियर में तैयार होंगे राष्ट्रीय ध्वज

      भारतीय मानक ब्यूरो ने हाल ही में मध्यभारत खादी संघ ग्वालियर को राष्ट्रीय ध्वज निर्माण के लिये आईएसओ प्रमाण-पत्र प्रदान किया है। इस प्रकार मुम्बई व कर्नाटक के हुबली शहर के बाद ग्वालियर तीसरा शहर हो गया है, जहाँ मानकों के अनुरूप राष्ट्रीय ध्वज तैयार होंगे और देशभर में भारतीय लोकतंत्र की शान में लहरायेंगे। ग्वालियर की कर्मशाला में खासतौर पर 2x3 साईज के राष्ट्रीय ध्वज निर्मित होंगे।

  

Share This News :