Home > अपना शहर ,
शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उ.मा. माध्यमिक विद्यालय मुरार का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बेहतर प्रस्तुति पर नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह द्वारा

50 हजार रूपए देने की घोषणा 

प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि छात्रायें अपने वर्तमान को मेहनत से गढ़ें और भविष्य में आगे बढ़ें। कड़ी मेहनत से कार्य करने पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता है। बालिकाओं ने सभी क्षेत्रों में अपनी उपलब्धी दर्ज कर यह सिद्ध किया है। श्रीमती माया सिंह ने यह बात महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उ.मा. माध्यमिक विद्यालय मुरार के वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी श्री विकास जोशी ने की।

इस अवसर पर ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राकेश जादौन, महापौर परिषद के सदस्य श्री धर्मेन्द्र राणा, श्रीमती विनती राठौर, संस्था के प्राचार्य श्री घनश्याम त्यागी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कार्यक्रम में बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने पर छात्राओं को स्वेच्छा निधि से 50 हजार रूपए की राशि पुरस्कार स्वरूप देने की घोषणा की। इसके साथ ही स्कूल में मंच निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की। उन्होंने स्कूल में लाइब्रेरी के लिये भी शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। श्रीमती माया सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य के लिये हमेशा कार्य करते रहते हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लागू की गई लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत प्रदेश में 24 लाख से अधिक बच्चियों को लाभान्वित किया जा चुका है। इसके साथ ही प्रदेश में बच्चियों की शिक्षा के लिये भी अनुकरणीय प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यवसायिक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। शिक्षा के साथ-साथ बच्चियों के सर्वांगीर्ण विकास के लिये खेल, सांस्कृतिक गतिविधियाँ भी नितांत आवश्यक हैं। स्कूलों को इस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी श्री विकास जोशी ने कहा कि शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उ.मा. विद्यालय की छात्राओं ने पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में अच्छी उपलब्धी हासिल की है। जिले में बालिका शिक्षा के लिये विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिले की छात्राओं ने सभी क्षेत्रों में अपनी काबिलियत से अपनी पहचान बनाई है। कार्यक्रम में महापौर परिषद के सदस्य श्री धर्मेन्द्र राणा ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था के प्राचार्य श्री घनश्याम त्यागी ने शाला का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

अंत में अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धी हासिल करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर पुरस्कृत किया।

      

Share This News :