Home > राज्यो से ,
जालंधर में पीएम नरेंद्र मोदी बोले- सत्ता के लिए छटपटा रहे हैं कांग्रेसी

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जालंधर में अकाली दल-भाजपा गठबंधन के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेसी अब सत्ता के लिए छटपटा रहे हैं.

प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस पार्टी पर जमकर बरसे और उसे डूब चुकी नाव करार दिया. उन्होंने राज्य के लोगों से उन्हें जवाब देने को कहा, जिन्होंने पंजाब के युवाओं को देश व दुनिया में बदनाम किया.

उन्होंने कहा, "सिर्फ सत्ता की राजनीति करने के कारण कांग्रेस पार्टी खुद को बचाने के लिए आज चुनाव में इस हाल से गुजर रही है. यह नाव डूब चुकी है. जिस नाव में कोई नहीं बचा, क्या ऐसी डूबने वाली नाव पंजाब को पार लगा सकती है? कांग्रेस डूबी हुई नाव है, उससे कुछ होने वाला नहीं."

विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "देश की सेना को पंजाब के वीरों, उनके त्याग, बलिदान व अनुशासन के कारण जाना जाता है, लेकिन आज उसी राज्य के लोगों को बदनाम किया जा रहा है. निजी स्वार्थ के कारण पंजाब की आन-बान और शान का गला घोंटने की कोशिश की जा रही है. क्या राजनीति इतनी नीचे चली जाएगी?"

विपक्षी दलों पर लगाया पंजाब की छवि खराब करने का आरोप

पीएम मोदी ने कहा, "राजनीति अपनी जगह पर है, पर जिन्होंने देश-दुनिया में पंजाब के वीरों की छवि खराब करने की कोशिश की, उसका पंजाब के लोगों को जवाब देना है." उन्होंने कहा, "ऐसे लोगों को पंजाब के गौरव के वास्ते, पंजाब की आन-बान और शान के वास्ते जवाब दें, ताकि कोई पंजाब की तरफ गलत निगाह से न देख सके."

प्रधानमंत्री ने कहा, "राज्य के भाग्य को एक नई ऊर्जा व नई ताकत देने के लिए पंजाब चुनाव मैदान में खड़ा है और यहां की जनता बादल को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है."

कांग्रेस और वाम दलों के गठबंधन पर ली चुटकी

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन को लेकर उसे आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा, "कांग्रेस बड़ी कमाल की पार्टी है. उसने वाम दलों से समझौता कर लिया, जिससे वह 50 साल से राजनीतिक लड़ाई लड़ती रही. वास्तव में उसने सत्ता सुख के लिए ऐसा किया."

राहुल गांधी की खाट सभा पर तीखे तंज

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कई दिनों तक की गई खाट सभा के बारे में पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में महीनों तक गांव-गांव में सपा के खिलाफ बोला, लेकिन जब देखा कि जनता उसे स्वीकार नहीं कर रही है तो वह सपा के साथ हो गई."

इधर, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के तीन दिन के दौरे पर तंज कसते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने दावा किया कि पीएम नरेंद्र मोदी की दो रैलियां ही पंजाब में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने के लिए काफी है.

Share This News :