Home > अपना शहर ,
सरकार हर गरीब को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिये कटिबद्ध – श्री रूस्तम सिंह

जिला चिकित्सालय मुरार में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर आयोजित

मंत्री श्रीमती माया सिंह व श्री पवैया भी शिविर में पहुँचे 

गंभीर बीमारियों से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सदस्यों के इलाज का जिम्मा प्रदेश सरकार ने अपने ऊपर लिया है। मुख्यमंत्री की पहल पर शुरू की गई योजनाओं के तहत सरकार देश के बड़े-बड़े अस्पतालों में गरीबों का इलाज करा रही है। सरकार हर गरीब को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिये कटिबद्ध है। यह बात लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने जिला चिकित्सालय मुरार में शुक्रवार को आयोजित हुए “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर” के उदघाटन अवसर पर कही। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया भी मौजूद थे।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं राज्य बीमारी सहायता योजना के तहत आयोजित हुए शिविर में गंभीर बीमारियों से पीड़ित जिले के एक हजार से अधिक चिन्हित मरीजों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिये बुलाया गया था। शिविर के उदघाटन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, संचालक परिवार कल्याण डॉ. डी एस ओहरि, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवेश शर्मा, पार्षदगण सर्वश्री धर्मेन्द्र राणा, बृजेश गुप्ता व श्री पुरूषोत्तम टमोटिया मंचासीन थे।

स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश सरकार थैलीसीमिया से पीड़ित मरीज के सम्पूर्ण इलाज पर 15 लाख रूपए तक खर्च करती है। इसी तरह मुख्यमंत्री बाल श्रवण योजना के तहत कॉक्लियर इम्प्लांट लगाने पर होने वाला लगभग साढ़े 6 लाख रूपए का खर्चा सरकार उठा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत अब जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों के हृदय के ऑपरेशन के लिये आर्थिक सहायता मुहैया कराने का निर्णय लिया है। पहले 16 वर्ष तक के बच्चों को इस योजना के तहत मदद दी जाती थी। इसी तरह राज्य बीमारी सहायता योजना के तहत सरकार गरीब मरीजों का इलाज देश के बड़े-बड़े अस्पतालों में करा रही है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि जो लोग आर्थिक तंगी की वजह से अपना इलाज नहीं करा पाते थे, उनकी चिंता मुख्यमंत्री ने की है। उन्हीं की पहल पर प्रदेश के हर जिले में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मुखिया श्री शिवराज सिंह चौहान ने अधोसंरचनागत विकास के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सदस्यों के स्वास्थ्य की चिंता की है।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि असहाय, गरीब एवं दरिद्रों की सेवा ईश्वर की सच्ची आराधना है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में इसी सोच के साथ प्रदेश सरकार गरीबों के कल्याण के लिये जुटी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गहरे तक सामाजिक सरोकारों से जुड़े हैं। यही वजह है कि मध्यप्रदेश में स्वासथ्य के क्षेत्र में संचालित योजनायें पूरे देश के लिये उदाहरण बनी हैं।

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि जिला चिकित्सालय मुरार में डायलेसिस की सुविधा व कैंसर इलाज की सुविधा भी उपलब्ध है। यहाँ कैंसर रोगियों को वैसी ही उच्च गुणवत्ता से युक्त दवाईयाँ मुहैया कराई जाती हैं, जो देश की नामी-गिरामी अस्पतालों में दी जाती हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन एवं सिविल सर्जन डॉ. डी डी शर्मा ने शिविर की गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

आरंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। उदघाटन कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने विभिन्न वार्डों में पहुँचकर बाहर से आए चिकित्सकों को सम्मानित किया।

मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का दिलाया भरोसा

      लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने इस अवसर पर कहा कि जिला चिकित्सालय मुरार में स्वास्थ्य सेवाओं का और विस्तार किया जायेगा। साथ ही दीनदयालनगर में सिविल अस्पताल खोलने के भी गंभीरता से प्रयास होंगे। नगरीय विकास मंत्री ने इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री का ध्यान आकर्षक किया था। स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने यह भी बताया कि उच्च शिक्षा मंत्री की पहल पर सिविल अस्पताल ग्वालियर को 100 सैय्या का किया जा रहा है।

स्वस्थ हुए मरीज ने मंच पर पहुँचकर बयां की अपनी खुशी 

      पिछले दो वर्ष से कैंसर के नि:शुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त कर रहे एक मरीज श्री कोकसिंह जाटव ने उदघाटन कार्यक्रम में मंच पर पहुँचकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय मुरार में कलेक्टर डॉ. संजय गोयल के निर्देश पर मेरा उपचार व नि:शुल्क दवाईयाँ प्रदान की गईं। अब मैं पूर्ण रूप से स्वस्थ्य हूँ। इतना ही नहीं हर मंगलवार को जन-सुनवाई में पहुँचता हूँ और अब तक लगभग 50 मरीजों को जिला चिकित्सालय मुरार के माध्यम से कैंसर के उपचार की सुविधा मुहैया कराने में मदद की है। सभी मरीज प्रदेश सरकार और कलेक्टर डॉ. गोयल को दुआ देते नहीं थकते।

दो दर्जन से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक आए

स्वास्थ्य परीक्षण के लिये दो दर्जन से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक बुलाए गए थे। जिनमें सर्वोदय हॉस्पिटल गुडगांव, आर्टमिश हॉस्पिटल गुडगांव, कलावती सरण हॉस्पिटल नईदिल्ली, शासकीय मेडीकल कॉलेज उत्तराखण्ड, सिद्धांता रेडक्रॉस हॉस्पिटल भोपाल, शेलबी हॉस्पिटल जबलपुर, जे के हॉस्पिटल भोपाल तथा ग्वालियर के अपोलो हॉस्पिटल, रतन ज्योति नेत्रालय और अग्रवाल हॉस्पिटल के चिकित्सक शामिल हैं।

इन बीमारियों के मरीजों का हुआ परीक्षण

शिविर में खासतौर पर कैंसर, हृदय रोग, हिप ज्वाइंट रिप्लेसमेंट, रीढ़ की हड्डी व घुटने के ऑपरेशन, जन्मजात विकृति के शिकार बच्चे मसलन न्यूरल ट्यूब दोष, डाउन सिन्ड्रोम, फटे होंठ व तालू, क्लबफुट, डवलपमेंट डिस्पलेसिया ऑफ हिप, जन्मजात मोतियाबिंद, जन्मजात बधिरता, जन्मजात हृदय रोग के मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में चिन्हित किए गए मरीजों का इलाज व ऑपरेशन देश के सुप्रसिद्ध मल्टीस्पेशियलिटी अस्पतालों में कराया जायेगा।

Share This News :