Home > अपना शहर ,
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में महिला एनसीसी अकादमी ने किया दौड़ का आयोजन

देशभक्ति की भावना जगाने लगभग 5 कि.मी. दौड़े प्रतिभागी 

गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार को ओटीए (एनसीसी महिला अफसर प्रशिक्षण अकादमी) द्वारा गणतंत्र दिवस दौड़ का आयोजन किया गया। लगभग पाँच किलोमीटर लम्बी यह दौड़ ओटीए प्रांगण से शुरू होकर आकाशवाणी चौराहे होते हुए वापस उसी प्रांगण में जाकर पूरी हुई।

दौड़ के समापन अवसर पर अकादमी के कमांडेंट ब्रिगेडियर एस एम इस्माइल एसएम ने सभी प्रतिभागियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। साथ ही समर्पण भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आहवान किया। इस दौड़ में ओटीए में प्रशिक्षणरत महिला एनसीसी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य एनसीसी अफसरों ने हिस्सा लिया। यह दौड़ प्रशिक्षणार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत करने तथा महापुरूषों के त्याग व बलिदान के प्रति श्रृंद्धांजलि अर्पित करने के मकसद से आयोजित की गई।

मालूम हो ग्वालियर की एनसीसी प्रशिक्षण अकादमी सम्पूर्ण देश में एक मात्र ऐसा संस्थान है जो एनसीसी महिला अफसरों को प्रशिक्षण प्रदान करती है। इस अकादमी में दिए जा रहे प्रशिक्षण का उद्देश्य एनसीसी अफसर को ऐसी आवश्यक कुशलतायें प्रदान करना हैं, जिनके द्वारा वे एनसीसी कैडेट्स को राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बना सकें। साथ ही उनमें नेतृत्व क्षमता भी विकसित हो।

  

Share This News :