Home > अपना शहर ,
महिला शक्ति को आगे बढ़ाने के लिये सरकार कटिबद्ध – श्रीमती माया सिंह

नगरीय विकास मंत्री ने किया विधायक कप खो प्रतियोगिता का उदघाटन 

महिला शक्ति को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर देने के लिये प्रदेश सरकार कटिबद्ध है। सरकार द्वारा महिलाओं को खेल प्रतिस्पर्धाओं के लिये भी साधन व सुविधायें मुहैया कराने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने विधायक कप बालिका खो-खो प्रतियोगिता के उदघाटन अवसर पर कही।

यहाँ दर्पण कॉलोनी मिनी स्टेडियम में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर पूर्व के 20 स्कूलों की बालिकाओं की खो-खो टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के उदघाटन अवसर पर स्कूली बालिकाओं सहित बड़ी संख्या में महिला शक्ति बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिये पहुँचीं थी।

      नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहीं सभी टीमों की खिलाड़ियों के कप्तानों से हाथ मिलाकर उनकी हौसला अफजाई की। उन्होंने साथ ही आगे बढ़ने की शुभकामनायें दीं। प्रतियोगिता का उदघाटन मैच एबनेजर हायर सेकेण्ड्री स्कूल और सनातन धर्म मंदिर स्कूल के मध्य खेला गया।

      इस अवसर पर पार्षद श्री दिनेश दीक्षित व श्री धर्मेन्द्र राणा तथा श्रीमती प्रमिला वाजपेयी व श्रीमती सुमन शर्मा, श्री रामेश्वर भदौरिया व मनीष तोमर सहित खो-खो प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

यह टीमें जीतीं

      बुधवार को विधायक कप खो-खो प्रतियोगिता के तहत कुल 7 मैच खेले गए। प्रतियोगिता आयोजन के पदाधिकारी श्री मनीष तोमर ने बताया उदघाटन मैच एबनेजर स्कूल की टीम ने सनातन धर्म मंदिर स्कूल से 4 प्वाइंट से जीता। इसी तरह अन्य मैचों में बीआरजी कॉलेज, देहली पब्लिक स्कूल, संस्कार पब्लिक स्कूल, एमएलबी गर्ल्स स्कूल, तवर स्कूल व वीरांगना क्लब विजयी रहे।

  

Share This News :