Home > अपना शहर ,
युवा शक्ति मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी संपदा – श्री पवैया

उच्च शिक्षा मंत्री के मुख्य आतिथ्य एवं नगरीय विकास मंत्री की अध्यक्षता में

स्मार्ट फोन वितरण समारोह आयोजित 

प्रतिभा से भरी युवा शक्ति मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी संपदा है। धन के अभाव में कोई भी प्रतिभा कुंठित न हो, इसके लिये प्रदेश सरकार ने कारगर कदम उठाए हैं। इसी दिशा में सरकार ने महाविद्यालयीन छात्रों को स्मार्ट फोन देने का निर्णय लिया है। यह बात उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने जिले के महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिये आयोजित हुए स्मार्ट फोन वितरण समारोह में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने की।

जिले के लगभग 6 हजार 659 महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को सरकार द्वारा स्मार्ट फोन मुहैया कराए जा रहे हैं। इनमें से प्रतीक स्वरूप 31 विद्यार्थियों को बुधवार को यहाँ डॉ. भगवत सहाय सभागार में अतिथियों ने समारोहपूर्वक स्मार्ट फोन सौंपे। कार्यक्रम में महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह, जीवाजी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, प्रभारी अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा श्री के एस सेंगर, अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा व साइंस कॉलेज की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम श्री महिप तेजस्वी मंचासीन थे।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने डॉ. भगवत सहाय सभागार में हजारों की संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं का आहवान किया कि सरकार द्वारा मुहैया कराए गए स्मार्ट फोन पर आप सबकी अंगुलियाँ संसार भर का शैक्षणिक ज्ञान तलाशने के लिये चलें। उन्होंने कहा स्मार्ट फोन मुहैया कराने के पीछे सरकार की मंशा है कि किसी गरीब के बेटा-बेटी के मन में अपने साथी बच्चे के हाथों में स्मार्ट फोन देखकर हीनभावना न आए। साथ ही वे शैक्षिक जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।

श्री पवैया ने छात्र-छात्राओं का आहवान किया है कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिये सदैव आत्मविश्वास बनाए रखें और अपने मन में कभी हीनभावना न आने दें। प्रतिभा धन की चेरी नहीं होती। उन्होंने कहा पूर्व राष्ट्रपति स्व. डॉ. अब्दुल कलाम आजाद, पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी इसके उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जो साधारण से स्कूलों में पढ़कर सर्वोच्च शिखर पर पहुँचे। इसी तरह महानतम खगोल विज्ञानी आर्य भट्ट ने कर्म के बल पर अपने आप को शीर्ष तक पहुँचाया। उच्च शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि विद्यार्थी रोजगार के लिये जरूर मेहनत करें, मगर देश के प्रति अपने दायित्वों को नहीं भूलें। देश तभी महान बनेगा जब एक-एक नागरिक भारत माता के लिये समर्पित होगा।

विकास कार्य कल पर टाले जा सकते हैं, पढ़ाई नहीं – श्रीमती माया सिंह

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि विकास कार्य कल पर टाले जा सकते हैं, पर बच्चों की पढ़ाई नहीं। प्रदेश सरकार ने इसी सोच के साथ शिक्षा के लोकव्यापीकरण के लिये प्रभावी कार्यक्रम बनाए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर प्रदेश के बच्चे न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे बल्कि श्रेष्ठ नागरिक भी बनेंगे। श्रीमती माया सिंह ने कहा कि धन के अभाव में किसी की पढ़ाई न छूटे। इसको ध्यान में रखकर सरकार ने तमाम योजनायें शुरू की हैं।

पाठ्यक्रम बदलेगा और होंगे छात्र संघ चुनाव

उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने इस मौके पर जानकारी दी कि अगले शिक्षण सत्र से स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में महत्वपूर्ण बदलाव किया जायेगा। जिसके तहत रोजगारपरक शिक्षा व कौशल उन्नयन के लिये समानान्तर रूप से वोकेशनल कोर्स चलाए जायेंगे। साथ ही नैतिक शिक्षा के अध्याय भी पाठ्यक्रम में जोड़े जायेंगे। उन्होंने कहा अगले शिक्षण सत्र से स्नातक व स्नातकोत्तर के सामान्य कोर्स में सेमेस्टर प्रणाली समाप्त कर दी जायेगी। श्री पवैया ने यह भी दौहराया कि अगले शिक्षण सत्र से प्रदेश के विश्वविद्यालयों में दीक्षांत समारोह भारतीय वेशभूषा में आयोजित किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के बीच वस्त्रों को लेकर हीनभावना न पनपे, इसलिये अगले शिक्षण सत्र से महाविद्यालय स्तर पर गणवेश सिस्टम भी लागू किया जायेगा। उच्च शिक्षा मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि सरकार अखिल भारतीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश लेने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों की फीस प्रदेश सरकार भरेगी। उन्होंने कहा उच्च शिक्षा विभाग में लोक सेवा गारंटी कानून के तहत विद्यार्थियों को समय-सीमा में  परीक्षा कॉपी दिखाने इत्यादि की सुविधा मुहैया कराई जायेगी। श्री पवैया ने यह भी कहा कि अगले सत्र से महाविद्यालयों में अनुशासित ढंग से छात्र संघ चुनाव भी कराए जायेंगे।

आरंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य श्री बी पी एस जादौन ने स्वागत उदबोधन दिया। संचालन केआरजी कॉलेज की प्राध्यापक श्रीमती सोनिया सिंह ने किया। कार्यक्रम में केआरजी कॉलेज की छात्राओं ने मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी।

महाविद्यालयों में इन तिथियों में बटेंगे स्मार्ट फोन

      साइंस कॉलेज में 25 व 26 जनवरी एवं 5 व 6 फरवरी को स्मार्ट फोन वितरित किए जायेंगे। केआरजी में 27, 28 व 29 जनवरी, एमएलबी कॉलेज 30 जनवरी, भगवत सहाय कॉलेज 31 जनवरी, एसएलपी मुरार एक फरवरी, गर्ल्स कॉलेज मुरार 2 व 3 फरवरी, मोहना महाविद्यालय व बृंदासहाय कॉलेज डबरा 4 फरवरी तथा भितरवार महाविद्यालय, शासकीय संस्कृत महाविद्यालय व झलकारीबाई कॉलेज में 5 फरवरी को स्मार्ट फोन वितरित किए जायेंगे।

  

Share This News :