Home > अपना शहर ,
राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र में मतदाता सर्वोपरि – संभागायुक्त श्री रूपला

युवाओं के हाथ में देश का लोकतंत्र सुरक्षित – डा.गोयल 

“लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सर्वोपरि है, उनकी राय अहम है, भारत दुनिया में सबसे बड़ा और सशक्त लोकतांत्रिक देश है”। यह विचार राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में संभागायुक्त श्री एस.एन.रूपला ने व्यक्त किए । श्री रूपला मतदाता जागरूकता अभियान के रोल प्रेषक भी है । कार्यक्रम का आयोजन चैम्बर ऑफ कामर्स के सभागार में आयोजित किया गया ।

      कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. संजय गोयल, अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्यकार्यपालन अधिकारी श्री नीरज सिंह, ए.डी.एम.श्री शिवराज वर्मा, चेम्बर के मानसेवी सचिव डा.प्रवीण गर्ग सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, जिला निर्वाचन कार्यालय और मतदाता जागरूकता अभियान से जुड़े लोग उपस्थित थे ।

      संभागायुक्त श्री रूपला ने कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़े बहुत गहरी है, विश्व के अन्य लोकतांत्रिक देशो की तुलना में भारत में मतदाताओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लोकतंत्र में भारतीयों से ज्यादा समझ और भागीदारी किसी भी देश के नागरिक की नही है । उन्होने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा गत 7 वर्षो से चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान का ही परिणाम है कि बड़ी संख्या में युवा वर्ग मताधिकार भी भाग लेने लगा है । इनमें महिलाओं की भी भागीदारी बड़ी है जो लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है ।

      श्री रूपला ने ग्वालियर जिले में कन्या भ्रुण हत्या को रोकने के लिए किए जारहे प्रयासों की चर्चा करते हुए कहा कि जिले में बेटियों की संख्या में इजाफा हुआ है बेटियाँ सभी क्षेत्रों में नाम रोशन कर रही है । उन्होने ग्वालियर जिले को “मतदान प्रक्रिया और तैयारियों के लिए मिले” अवार्ड और “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत भी जिले को मिले अवार्ड के लिए कलेक्टर डा.गोयल और उनकी टीम को बधाई दी ।

      कलेक्टर डा.संजय गोयल ने कहा कि नई सदी युवाओं की है देश में 65 प्रतिशत आबादी युवाओं की है जिनमें 50 प्रतिशत जनसंख्या महिलाओं की है । लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के सुचारू ढंग से संचालन में भी इन्ही युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है । उन्होने बेटियों की बढ़ती भागीदारी पर खुशी व्यक्त की और कहा कि गत वर्षो में हमने महसूस किया कि देश में लोकतंत्र का भविष्य उज्जवल है, युवा वर्ग बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभा रहा है ।

      इससे पूर्व एस.डी.एम.श्री विजय राव ने मतदाता जागरूकता अभियान के अन्तर्गत जिले में कराये गये कार्यो और उनके परिणामों  से अवगत कराया ।

      माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवल के साथ प्रारम्भ हुए, इस कार्यक्रम में संभागायुक्त ने सभी से स्वतंत्र निष्पक्ष और निर्भीक ढंग से मतदान करने की शपथ ग्रहण कराई ।

      मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्कूल कॉलेज स्तर पर कराये गये निबंध, भाषण, नाटक लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण में बेहतर कार्य करने वाले एस.डी.एम. श्री रिकेश वैश्य, श्री विनोद सिंह, श्री इकबाल खान श्री गजेश जायसवाल, श्री विजयराय तहसीलदार व नायब तहसीलदार को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये ।

नये मतदाताओं को प्रदान किए वोटर कार्ड

कार्यक्रम में एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नव युवक युवतियों को अतिथिगण द्वारा मतदाता फोटो परिचय पत्र का वितरण किया गया । इस प्रकार का वितरण कार्यक्रम जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर आयोजित किए गए हैं । कार्यक्रम में श्री नरोत्तम प्रजापति, हर्षा आर्य, शिवानी शर्मा, निहार गोयल गौरव प्रजापति, राहुल जैन, सोनम बंसल, यास्मीन खान, संलावी साहनी, मधुरी प्रजापति अर्पया पाण्डे सहित अन्य को फोटो परीचय पत्र प्रदान किए गया ।

भारत निर्वाचन आयुक्त श्री जैदी ने भी किया सम्बोधित

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भारत निर्वाचन आयुक्त डा.नसीम जैदी ने भी नई दिल्ली से सीधे प्रसारण द्वारा मतदाताओं को सम्बोधित किया । 

  

Share This News :