Home > अपना शहर ,
कलेक्टर डॉ. गोयल को केन्द्रीय मंत्री श्रीमती मेनका गाँधी ने किया सम्मानित

कन्या भ्रूण हत्या रोकने के प्रयासों के लिये नई दिल्ली में मिला सम्मान 

राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत ग्वालियर जिले में कन्या भ्रूण हत्या को नियंत्रित करने में सराहनीय प्रयास के लिये भारत सरकार की महिला एवं बाल विकास विकास मंत्री श्रीमती मेनका संजय गाँधी ने कलेक्टर डॉ. संजय गोयल को सम्मानित किया है। यह सम्मान नईदिल्ली स्थित भारतीय प्रवासी भारतीय भवन चाणक्यपुरी में आयोजित समारोह में मंगलवार को दिया गया।

      समारोह में भारत सरकार की सेकेट्री सुश्री लीला नायर, “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान में देश में बेहतर प्रयास करने वाले 100 जिले के कलेक्टर्स, एवरेस्ट फतह करने वाली दिव्यांग अरूणिमा सिन्हा, रियो पैरालिंपिक 2016 की रजत पदक विजेता दीपा मलिक, भारत की वायुसेना में प्रथम बार नियुक्त चारों महिला फायटर पायलट सहित देश के कौने-कौने से अभियान से जुड़े संगठन और स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

      इस अवसर पर श्रीमती मेनका गाँधी ने कहा कि देश में बेटियों की संख्या और स्थिति को बेहतर बनाने के लिये भारत सरकार राज्य सरकारों के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रही है। इसके आशाजनक परिणाम भी प्राप्‍त हुए हैं। भारत सरकार द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत प्रथम चरण में देश के 100 ऐसे जिलों को चिन्हित किया था, जिनमें बेटों की तुलना में बेटियों की संख्या कम थी।

      श्रीमती गाँधी ने ग्वालियर जिले में कन्या भ्रूण हत्या को नियंत्रित करने के लिये किए गए प्रयासों की सराहना की और कहा कि ग्वालियर कलेक्टर द्वारा पीसी-पीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों को जिस प्रभावी ढंग से लागू किया गया है, उससे अन्य लोगों को भी सीखने की आवश्यकता है। उन्होंने ग्वालियर कलेक्टर डॉ. संजय गोयल को बधाई दी और उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों को जारी रखने की सलाह भी दी।

इस अवसर पर डॉ. गोयल ने बताया कि ग्वालियर जिले में इस अभियान के क्रियान्वयन के लिये विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई, जिसमें पीसी-पीएनडीटी सलाहकार समिति की नियमित बैठकों का आयोजन, कमेटी के सदस्यों द्वारा पंजीकृत 144 अल्ट्रासाउण्ड सेंटरों व नर्सिंग होम की नियमित जाँच, एक्ट के प्रावधानों का विस्तृत प्रचार-प्रसार के लिये मीडिया वर्कशॉप और मीडिया का सहयोग, अल्ट्रासाउण्ड केन्द्रों की जाँच के लिये जिले के चिकित्सकों की 32 टीमें गठित की गईं, इनके द्वारा भी इन केन्द्रों का नियमित जाँच दल उनसे उनके डाटा का विश्लेषण, एक्ट को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिये चिकित्सकों, समिति के सदस्यों, न्यायिक सेवा के अधिकारियों के साथ नियमित संवाद स्थापित किया गया। अल्ट्रासाउण्ड सेंटरों द्वारा उपयोग किए जाने वाले कम्प्यूटरों और मशीनों में ट्रैकिंग डिवाइस लगवाई गईं। जिनके माध्यम से केन्द्रों के डाटा का विश्लेषण किया जाता है। साथ ही इस सामाजिक बुराई के प्रति जन जागरूकता पैदा करने के लिये प्रचार-प्रसार के सभी माध्यमों का उपयोग किया गया। इनमें सबसे महत्वपूर्ण जिले की ऐसी बालिकायें जिनके द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं, उन्हें ब्राण्ड एम्बेसडर के रूप में चिन्हित कर प्रोत्साहित किया गया।

      कार्यक्रम के प्रारंभ में केन्द्रीय मंत्री श्रीमती मेनका गाँधी ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर कलेक्टर डॉ. गोयल को सम्मानित किया।

Share This News :