Home > अपना शहर ,
राष्ट्रीय किशोरी बालिका दिवस पर संभाग स्तरीय सम्मेलन आयोजित

जिला पंचायत अध्यक्ष के मुख्य आतिथ्य में हुआ कार्यक्रम 

राष्ट्रीय किशोरी बालिका दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को यहाँ केआरजी कॉलेज में संभाग स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव के आतिथ्य में आयोजित हुए इस सम्मेलन में खासतौर पर लालिमा अभियान एवं महिला सुरक्षा पर जागरूकता संवाद भी हुआ। साथ ही स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। जिसमें लगभग 300 बालिकाओं का हीमोग्लोबिन टेस्ट किया गया और महिला चिकित्सकों द्वारा बालिकाओं को स्वास्थ्य की देखभाल के बारे में बताया गया। इस अवसर पर रंगोली व मेंहदी प्रतियोगिता भी आयोजित हुई।

      सम्मेलन में 11 से 18 वर्ष तक की किशोरी बालिकायें, केआरजी कॉलेज व पद्मा विद्यालय की छात्राओं तथा आंगनबाड़ी में दर्ज बच्चियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास श्री एच के शर्मा, केआरजी कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती प्रभा मेहता व प्रो. कृष्णा सिंह जिला स्तरीय परिवार समिति की अध्यक्ष श्रीमती ममता कुशवाह मंचासीन थीं।

      जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव ने केआरजी के ऑडिटोरियम में मौजूद प्रतिभागियों को बालिका के जन्म पर खुशी एवं उत्सव मनाने और उनके सशक्तिकरण के लिये काम करने का संकल्प दिलाया।

      संयुक्त संचालक महिला-बाल विकास श्री एच के शर्मा ने लालिमा अभियान एवं एनीमिया नियंत्रण के बारे में बताया। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला-बाल विकास श्री बृजेश कुमार त्रिपाठी ने पंचवटी से पोषण कार्यक्रम के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। साथ ही पंचवटी से पोषण पर एक लघु फिल्म भी दिखाई। उपसंचालक महिला सशक्तिकरण श्रीमती रेखा अग्रवाल ने शौर्या दल एवं किशोरी बालिकाओं के सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। खुद को सुरक्षित रखने के उपाय भी किशोरी बालिकाओं को बताए गए। बेटी है तो कल है संस्था के प्रतिनिधियों ने व्यवहारिक रूप से बालिकाओं को सुरक्षा उपाय बताए। 

कार्यक्रम का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी श्री विजय जैन और अंत में परियोजना अधिकारी सुश्री प्राची शर्मा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। मेंहदी प्रतियोगिता में कु. प्रियंका वर्मा को प्रथम, कु. गरिमा कैन को द्वितीय व कु. पिंकी को तृतीय स्थान की ट्रॉफी प्रदान की गई। इसी तरह रंगोली प्रतियोगिता में कु. शालिनी श्रीवास्तव को प्रथम, कीर्ति तोमर को द्वितीय व पूजा शाहू को तृतीय स्थान का पुरस्कार मिला।

  

Share This News :