Home > अपना शहर ,
आवास आवंटन के लिए सभी क्षेत्रीय कार्यालयों पर शिविर में उमड रहे हैं हितग्राही

प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शहर के प्रत्येक आवासहीन नागरिक को अपना आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम ग्वालियर द्वारा अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सभी क्षेत्रीय कार्यालयों पर शिविर का आयोजन कर आवास हेतु आवेदन पत्र जमा कराए जा रहे हैं। इन क्षेत्रीय कार्यालय पर बडी संख्या में नागरिक उपस्थित होकर आवास के लिए अपने-अपने आवेदन जमा कर रहे हैं। क्षेत्रीय कार्यालय 20 माधौगंज में आयोजित आवासीय शिविर में 149 नागरिकों के आवेदन जमा किए गए हैं। जिनका पंजीयन कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
नोडल अधिकारी श्री पवन सिंघल ने जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्र सरकार की सबका हो अपना घर योजना के तहत नगर निगम ग्वालियर द्वारा ग्वालियर नगर निगम सीमा में रहने वाले आवासहीन परिवारों को विभिन्न आवासीय योजनाओं के तहत आवास उपलब्ध कराने के उददेश्य से प्रत्येक क्षेत्रीय कार्यालय व वार्ड कार्यालय पर शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों पर बडी संख्या में नागरिक आवास हेतु आवेदन जमा करा रहे हैं। श्री सिंघल बताया कि पूर्व में नागरिकों द्वारा आवास हेतु जमा किए गए आवेदनों का भी परीक्षण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन आवासीय योजनाओं के आवेदन जमा कराए जा रहे हैं, उनमें निम्न योजनाएं शामिल हैं। श्री सिंघल ने बताया कि आई.एच.एस.डी.पी. योजना के तहत विभिन्न स्थानों पर आवासों का निर्माण चल रहा है। जिसमें गुढी ऊपर, सिन्धिया नगर, बकरामन्डी, सागरताल आदि स्थान शामिल हैं। इस योजना के तहत हितग्राही को कम से कम 3 वर्ष से नगरीय क्षेत्र मे घोषित मलिन बस्ती का निवासी होना अनिवार्य है, साथ ही म.प्र. का मूलनिवासी हो एवं स्वयं/परिवार के नाम से नगरीय क्षेत्र में पक्का आवास न हो। वहीं नगरीय क्षेत्र में वर्ष 2005 से पूर्व का रहवासी होना अनिवार्य है। हितग्राही को आवेदन जमा करने के लिए आवश्यक दस्तावेज-आवेदन, फोटो, वोटर कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता, शपथ पत्र लगाना होगा।
वहीं राजीव आवास योजना (रे) योजना के तहत महलगाॅव पहाड़ी, केंसर पहाडी, शान्तिनगर वार्ड 21, शर्मा फार्म 1, शर्मा फार्म 2 इत्यादि स्थानों पर आवास बनाए जा रहे हैं। इस योजना के तहत हितग्राही उपरोक्तानुसार चिन्हित मलिन बस्ती का निवासी होना अनिवार्य है। हितग्राही म.प्र. का मूल निवासी एवं स्वयं/परिवार के नाम से नगरीय क्षेत्र में पक्का आवास न हो। हितग्राही को आवेदन जमा करने के लिए फोटो, वोटर कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता, शपथ पत्र इत्यादि दस्तावेज लगाने होगें।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (स्व-निर्माण/बेनिफिसियल लेड कन्सट्रक्शन) इस योजना के तहत सम्पूर्ण ग्वालियर क्षेत्र के आवेदक जिनके पर भवन व भूमि का स्वामित्व होना अनिवार्य है तथा उनकी वार्षिक आय 3.0 लाख से कम होनी चाहिए। इस योजना के तहत आवास निर्माण हेतु केन्द्र व राज्य शासन से 2.5 लाख तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा। जिसमें 30 वर्ग मी. अधिकतम निर्माण कारपेट क्षेत्रफल स्वीकार योग्य है। हितग्राही को आवेदन जमा करने के लिए स्वामित्व प्रमाण, फोटो, वोटर कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता, शपथ पत्र इत्यादि दस्तावेज लगाने होगें। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना एफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट के तहत सम्पूर्ण ग्वालियर क्षेत्र के पात्र हितग्राही ईडब्ल्यूएस आवास हेतु आवेदन कर सकते हैं जिसमें हितग्राही की सालाना आय रू. 3.0 लाख से अधिक न हो। इस योजना हेतु हितग्राही को म.प्र. का मूल निवासी एवं स्वयं/परिवार के नाम से भारत वर्ष में पक्का आवास/आवासीय भूखण्ड न हो। वहीं नगर निगम ग्वालियर सीमा के निवासी को पात्रता होगी। हितग्राही को आवेदन जमा करने के लिए स्वामित्व प्रमाण, फोटो, वोटर कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता, शपथ पत्र इत्यादि दस्तावेज लगाने होगें।

  

Share This News :