Home > अपना शहर ,
“मिलें बाचें मध्यप्रदेश” 28 जनवरी को जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहुँचेंगे शासकीय स्कूलों में

मध्यप्रदेश में सरकारी प्राइमरी और मिडिल स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रूचि जागृत करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा 28 जनवरी को “मिलें बाचें मध्यप्रदेश” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जनप्रतिनिधि और सरकारी अधिकारी-कर्मचारी स्कूल में जाकर बच्चों को एक पाठ पढ़कर सुनायेंगे। अभियान के तहत 26 जनवरी तक पंजीयन किया जा रहा है। सभी अधिकारी-कर्मचारी वेब पोर्टल  www.schoolchalehum.mp.gov.in पर पंजीयन कर सकते हैं।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने “मिलें बाचें मध्यप्रदेश” कार्यक्रम के तहत 28 जनवरी को स्कूलों में जाकर बच्चों को एक पाठ पढ़कर सुनाने के लिये जिले के सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह करने के साथ ही सभी अधिकारियों और अपने अधीनस्थ अमले को अभियान में पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि शासन द्वारा विद्यार्थियों में पढ़ाई के लिये रूचि जागृत करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम को जिले में बेहतर रूप से क्रियान्वित करने के लिये शिक्षा विभाग अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों को इससे जोड़े। इसके साथ ही सभी अधिकारी अपना पंजीयन 25 जनवरी तक अनिवार्य रूप से करा लें।  28 जनवरी को सभी अधिकारी अपने चिन्हित स्कूल में जाकर बच्चों के साथ चर्चा करें तथा उन्हें नैतिक शिक्षा देने के साथ ही किसी एक पुस्तक का पाठ पढ़कर भी सुनायें।

      कलेक्टर डॉ. गोयल ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कहा है कि अभियान की जानकारी पंचायत स्तर तक जनप्रतिनिधियों को देने के साथ ही नगर निगम सीमा क्षेत्र के सभी पार्षदों को भी इस कार्यक्रम की जानकारी दें और 28 जनवरी को एक स्कूल में चलने का आग्रह भी करें। उन्होंने कहा कि जिला स्तर से भी अधिकारियों को किसी एक स्कूल में जाने के दिशा-निर्देश भी जारी किए जायेंगे।

“मिलें बाचें मध्यप्रदेश” कार्यक्रम में शामिल होंगे

मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत सदस्य, नगर निगम के पार्षदगण और सभी शासकीय अधिकारीगण ।

Share This News :