Home > अपना शहर ,
कैश रहित व्यवस्था और डिजिटल ट्रांजेक्शन पर एक दिवसीय मेला

30 जनवरी को मेले के फैसिलिटेशन सेंटर में होगा

केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर होंगे मुख्य अतिथि 

कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा डिजिटल ट्रांजेक्शन की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों को देने के उद्देश्य से एक दिवसीय मेले का आयोजन ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के फैसिलिटेशन सेंटर में 30 जनवरी को आयोजित किया जा रहा है। इस मेले का शुभारंभ केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर करेंगे। मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए जायेंगे। इसके साथ ही विभिन्न बैंकों और विभागों द्वारा कैशलेस व्यवस्था के संबंध में काउण्टर लगाकर लोगों को जानकारी दी जायेगी।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने मेले की व्यवस्थाओं के संबंध में समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को मेले को जन उपयोगी बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कैशलेस व्यवस्था को प्रभावी बनाने हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना है। यह प्रतियोगितायें जीवाजी विश्वविद्यालय, पद्माराजे कन्या उ.मा. विद्यालय तथा गजराराजा उ.मा. विद्यालय में 27 जनवरी को आयोजित होंगी। प्रतियोगिता तथा आयोजन हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रतियोगितायें बेस्ट स्लोगन, बेस्ट जिंगल और पोस्टर प्रतियोगिता की आयोजित होगी। सभी प्रतियोगिताओं के पाँच श्रेष्ठ प्रतिभागियों को मेले में प्रदर्शन का मौका दिया जायेगा।

      कलेक्टर डॉ. गोयल ने नगर निगम, जिला पंचायत, विशेष क्षेत्र प्राधिकरण, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण, उपसंचालक कृषि को अपने-अपने विभाग से संबंधित जनप्रतिनिधियों को मेले में उपस्थित होने का आग्रह करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही नगद रहित व्यवस्था से जुड़े लोगों को मेले में उपस्थित रहने के लिये आग्रह करने को कहा है।

      मेले में दुग्ध महासंघ, विद्युत विभाग, कृषि विभाग और बैंकर्स को अपने-अपने स्टॉल लगाकर कैश रहित व्यवस्था की जानकारी और डिजिटल ट्रांजेक्शन के संबंध में लोगों को बताने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This News :