Home > अपना शहर ,
राज्य बीमारी सहायता योजना में चयनित बीमारियों के उपचार एवं परीक्षण हेतु

स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 27 जनवरी को मुरार अस्पताल में 

राज्य बीमारी सहायता योजना के तहत जिन बीमारियों के उपचार हेतु हितग्राहियों को सहायता उपलब्ध कराकर इलाज कराया जाता है, उन बीमारियों के पीड़ितों के परीक्षण हेतु 27 जनवरी को जिला अस्पताल मुरार में स्वास्थ्य प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में मुम्बई, दिल्ली, भोपाल और इंदौर के विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहकर पीड़ितों का परीक्षण करेंगे। परीक्षण के दौरान पीड़ितों के राज्य आर्थिक सहायता हेतु प्रकरण तैयार कर संबंधित अस्पतालों में उपचार की कार्रवाई की जायेगी।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने आज स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के संबंध में स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लेकर शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही शिविर में आने वाले मरीजों का परीक्षण कर प्रकरण तैयार करने की भी कार्रवाई तत्परता से करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शिविर का लाभ अधिक से अधिक लोगों को प्राप्त हो, इसके लिये पंचायत स्तर तक मैदानी अमले को इसकी जानकारी देने के साथ ही संबंधित को शिविर में लाने और उसके परीक्षण की सम्पूर्ण व्यवस्थायें व्यवस्थित रूप से करने के निर्देश दिए।

      सिविल सर्जन डॉ. आर एस शर्मा ने बताया कि इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में राज्य बीमारी सहायता योजना में चयनित बीमारियों से संबंधित पीड़ितों का परीक्षण किया जायेगा। इन बीमारियों में कैंसर, कूल्हों का प्रत्यारोपण, रीढ़ की हड्डी से संबंधित बीमारी, किडनी, हृदय, न्यूरोलॉजी, टेड़े-मेड़े पैरों का उपचार, जन्म से अंधेपन का उपचार, कटे-फटे होंठ की समस्या आदि का परीक्षण करने के पश्चात प्रकरण तैयार किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि शिविर 27 जनवरी को प्रात: 9 बजे मुरार अस्पताल में प्रारंभ होगा। शिविर में उपस्थित सभी मरीजों के परीक्षण उपरांत ही शिविर समाप्त होगा। शिविर की सभी व्यवस्थायें कर ली गई हैं।

      बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नीरज कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, एडीएम श्री शिवराज वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग से संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This News :