Home > अपना शहर ,
ओलंपिक की तैयारी के लिये सरकार सुविधाओं की कमी नहीं आने देगी – श्रीमती माया सिंह

नगरीय विकास मंत्री ने किया विधायक कप फुटबॉल प्रतियोगिता का उदघाटन 

राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ी आगामी ओलंपिक-2020 के लिये कड़ी मेहनत करें। प्रदेश सरकार साधन व सुविधाओं की कमी नहीं आने देगी। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने विधायक कप फुटबॉल प्रतियोगिता के उदघाटन अवसर पर कही। ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित हो रहे विधायक कप में डेढ़ दर्जन फुटबॉल टीमें हिस्सा ले रही हैं। उदघाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने की।

      नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि युवाओं का उत्साहवर्धन करने के मकसद से ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा खेल भावना से राजनीति में भी सूचिता आती है। मगर खेल में राजनीति नहीं होना चाहिए। श्रीमती माया सिंह ने प्रतियोगिता में भाग ले रहीं टीमों का आहवान किया कि वे पूरी खेल भावना के साथ इस टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा दिखायें। साथ ही प्रदेश, देश व अंतराष्ट्रीय स्तर पर ग्वालियर का नाम रोशन करें।

      महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि फुटबॉल दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल है। इस खेल में संसाधनों की भी बहुत कम जरूरत होती है। युवा आगे आकर इस खेल में भी अपने देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि खेल भावना जीवन पथ पर आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करती है, इसलिये सभी को खेलों में जरूर हिस्सा लेना चाहिए।

      कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद श्री देवेश शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। स्वागत उदबोधन पूर्व पार्षद श्री मेहताब सिंह कंषाना ने दिया। उदघाटन कार्यक्रम में पार्षदगण श्रीमती रामबेटी कंषाना, श्री दिनेश दीक्षित व श्री धर्मेन्द्र राणा सहित सर्वश्री कमल माखीजानी, अशोक जादौन, रामेश्वर भदौरिया, शरद गौतम, धीर सिंह तोमर तथा श्री मनीष तोमर व श्री रामप्रकाश परमार एवं आयोजन समिति से जुड़े अन्य सदस्यगण मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन श्री श्यामानंद शुक्ला ने किया।

      विधायक कप का उदघाटन मैच वार्ड क्रं.-45 के आर्य भट्ट क्लब व वार्ड क्रं.-25 के शहीद भगत सिंह क्लब के मध्य खेला गया। मैच शुरू होने से पहले नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनायें दीं। उदघाटन मैच में आर्य भट्ट क्लब ने शहीद भगत सिंह क्लब को 3-0 से पराजित किया। विधायक कप का दूसरा मैच वार्ड क्रं.-30 के यादव क्लब ने वार्ड क्रं.-59 के एलपी क्लब से 7-0 से जीता।

विजेता टीम को मिलेगा 31 हजार रूपए का पुरस्कार

      विधायक कप फुटबॉल की विजेता टीम को 31 हजार रूपए का नगद पुरस्कार दिया जायेगा। द्वितीय पुरस्कार 21 हजार एवं तृतीय पुरस्कार 11 हजार रूपए का रखा गया है। इसके अलावा अन्य पुरस्कार भी दिए जायेंगे।

  

Share This News :