Home > अपना शहर ,
मदिरा व्यवसाईयों के ठेके लॉटरी तथा ई-टेण्डर के माध्यम से निष्पादित होंगे

राज्य शासन के आदेशानुसार ग्वालियर जिले के वर्ष 2016-17 के मदिरा व्यवसाईयों के ठेके वर्ष 2017-18 के लिये नवीनीकरण किए जायेंगे। नवीनीकरण न होने की स्थिति में उक्त ठेके लॉटरी तथा ई-टेण्डर के माध्यम से निष्पादित किए जायेंगे। नवीनीकरण हेतु आवेदन पत्र वर्तमान अनुज्ञप्तिधारियों द्वारा 24 जनवरी से 30 जनवरी 2017 तक दोपहर 3 बजे तक क्रय एवं 30 जनवरी 2017 की शाम 5.30 बजे तक सहायक आबकारी आयुक्त जिला ग्वालियर के कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे।

      जिन मदिरा दुकानों, एकल समूहों पर नवीनीकरण के आवेदन पत्र प्राप्त नहीं होंगे, उन मदिरा दुकानों, एकल समूहों के लिये लॉटरी आवेदन पत्र 01 फरवरी से 08 फरवरी 2017 को सायंकाल 5.30 बजे तक इच्छुक पात्र आवेदकों से आमंत्रित कर मदिरा दुकानों का निष्पादन 09 फरवरी 2017 को किया जायेगा। नवीनीकरण एवं लॉटरी से शेष रहीं मदिरा दुकानों का निष्पादन इस वर्ष ई-टेण्डर के माध्यम से ऑनलाईन 23 फरवरी 2017 को जिला समिति द्वारा किया जायेगा।

      ग्वालियर जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग के 500 मीटर के अंतर्गत संचालित होने वाली 35 मदिरा दुकानें चिन्हित की गई हैं। चिन्हित 35 मदिरा दुकानें माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश दिनांक 15.12.2016 के पालन में राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग के आउटर ऐज एवं राजमार्ग पर सर्विस लेन होने की स्थिति में सर्विस लेन के आउटर ऐज से 500 मीटर दूर 01 अप्रैल 2017 से संचालित की जायेगी। इन मदिरा दुकानों को वर्ष 2017-18 में 01 अप्रैल 2017 से संचालित किए जाने हेतु जिला समिति द्वारा घोषित नवीन सीमा क्षेत्रों की जानकारी एवं जानकारी कार्यालय सहायक आबकारी आयुक्त जिला ग्वालियर से प्राप्त की जा सकती है।

Share This News :