Home > अपना शहर ,
महाराष्ट्र समाज का गौरवशाली इतिहास – श्रीमती माया सिंह

महाराष्ट्र समाज ने किया प्रतिभाओं का सम्मान 

प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि महाराष्ट्र समाज का गौरवशाली इतिहास है। यह समाज की वीरता, त्याग, बलिदान, कला और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान के लिये अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने यह बात महाराष्ट्र समाज द्वारा आयोजित संक्रांति प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने की।

      श्रीमती माया सिंह ने कहा कि भारत वर्ष अनेक जाति, धर्म, भाषाओं और संस्कृतियों का संगम वाला देश है। इस देश में महाराष्ट्र समाज की अपनी अलग पहचान है। उनकी धार्मिक और पारम्‍परिक परम्‍परायें, कला और संस्कृति के प्रति झुकाव अनूठा है। उन्होंने कहा कि वे भाग्यशाली हैं कि उन्हें 30-35 वर्षों तक राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी का सानिध्य प्राप्त हुआ। जिसके कारण उन्हें महाराष्ट्र समाज की परम्पराओं और मान्यताओं को बहुत करीब से देखने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने ग्वालियर के महाराष्ट्र समाज द्वारा गत 83 वर्षों से लगातार आयोजित किए जा रहे इस समारोह के लिये आयोजकों को बधाई दी और कहा कि समाज द्वारा अपनी प्रतिभाओं और समाज के लिये योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाता है। यह एक अच्छी पहल है।

      कार्यक्रम के अध्यक्ष महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि ग्वालियर अंचल में बड़ी संख्या में मराठीवासी निवास करते हैं। इस समाज की अपनी एक अलग पहचान है। समाज की प्रतिभायें हर क्षेत्र में अपना योगदान दे रही हैं। उन्हें और प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।

      कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठतम वकील राणाजी राव शिंदे, संगीत के क्षेत्र में ग्वालियर घराने के श्री श्रीराम मराठे, डॉ. श्रीमती मालती देव, श्रीकृष्ण मूसलगांवकर, श्री कृष्ण गुलाबराव चौहान, श्री दिलीप शितोले, श्रीमती कविता मांड़रे, श्री बाल खाण्डे, श्री आनंद बोरवल, श्री आरोह कम्पूवाले सहित प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

      कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती नीलिमा शिंदे, महाराष्ट्र समाज के अध्यक्ष श्री अभय पाटिल, श्री अशोक खेड़कर, श्री प्रभाकर जाधव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

  

Share This News :