Home > अपना शहर ,
मेले में बाल महोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न

बच्चों के सर्वांगीर्ण विकास में शिक्षा के साथ कला और नृत्य भी आवश्यक – श्रीमती माया सिंह 

प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि बच्चों के सर्वांगीर्ण विकास के लिये उन्हें शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति, खेल-कूद, नृत्य, हर क्षेत्र में समान अवसर प्रदान किए जाएँ। ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के रंगमंच पर एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसायटी द्वारा यह अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने यह बात आज मेला परिसर में आयोजित बाल महोत्सव समारोह के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कही। कार्यक्रम में मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में प्रतिभागी बच्चे और उनके परिजन उपस्थित थे।

      श्रीमती माया सिंह ने कहा कि बच्चे हमारा आज भी हैं और कल भी। हमें अपना भविष्य संवारना है तो आवश्यक है कि हम इस पीढ़ी को संवारें, सजाएँ। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आवश्यकता है उन्हें अवसर प्रदान करने और निखारने की। राज्य सरकार द्वारा बच्चों के बहुमुखी विकास के लिये विभिन्न कार्यक्रम और पाठ्यक्रमों का संचालन किया जाता है लेकिन इस कार्य में स्वयंसेवी संस्थाओं और संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार मेला परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम एक सराहनीय पहल है।

      संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला ने कहा कि बच्चे कच्ची मिट्टी के समान होते हैं उन्हें कारीगर अपने हाथों से जिस सांचे में चाहे उसमें ढाल सकता है। उन्होंने बाल महोत्सव में भाग लेने वाले बच्चों को शुभकामनायें दीं और कहा कि मेला प्राधिकरण भविष्य में भी इस तरह के आयोजन करता रहेगा।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के संयोजक श्री संजय कट्ठल ने बताया कि मेला कला रंगमंच पर 14 जनवरी से 21 जनवरी तक बाल महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें 600 प्रतिभागियों द्वारा समूह नृत्य और एकल नृत्य में अपनी भागीदारी दर्ज कराई गई। समूह नृत्य जूनियर में नटराज ग्रुप प्रथम व शारदानाथ मंदिर द्वितीय, समूह नृत्य सीनियर में हार्डबीट ब्रेकर प्रथम व एलोन डांस ग्रुप द्वितीय, युगल नृत्य जूनियर में अपूर्वा और लमन्या प्रथम व तनु व रिमझिम द्वितीय स्थान पर रहीं। इन बच्चों को अतिथिगण द्वारा शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Share This News :