Home > अपना शहर ,
बायोगैस संयंत्र किसानों की खुशहाली का सूचक – कलेक्टर डॉ. गोयल 31 मार्च तक लक्ष्यपूर्ति के निर्देश

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा है कि किसान भाई अनुदान राशि का लाभ उठायें और घरों में बायोगैस संयंत्र लगाकर जीवन को खुशहाल बनायें। इसके लिये कृषि विभाग का मैदानी अमला किसानों को शासन की योजना और उसके तकनीकी पहलुओं के बारे में जागरूक करे। उन्होंने यह निर्देश राष्ट्रीय बायोगैस एवं मेन्योर मैनेजमेंट कार्यक्रम के अंतर्गत समीक्षा बैठक में दिए।

बैठक में उपसंचालक कृषि श्री बड़ोनिया, उपसंचालक पशु चिकित्सा श्री ओ पी त्रिपाठी, प्रबंधक एमपी एग्रो श्री मनोज भार्गव सहित अन्य मैदानी अमला उपस्थित था।

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और ऊर्जा के वैकल्पिक स्त्रोत के रूप में रसोई गैस के लिये बायोगैस संयंत्रों का उपयोग किया जाना चाहिए। इन संयंत्रों से ईंधन के साथ-साथ अच्छी खाद भी खेती के लिये प्राप्त होती है। साथ ही महिलाओं को चूल्हे के धुँए से भी निजात मिलता है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय बायोगैस विकास कार्यक्रम के तहत सामान्य किसान को 9 हजार रूपए और अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के किसान को 11 हजार रूपए की अनुदान राशि प्रदान की जाती है। इसी कडी में राज्य सरकार द्वारा सभी किसानों को ढ़ाई हजार रूपए की टॉपअप राशि दी जाती है।

डॉ. गोयल ने कहा कि यह राज्य और केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। जानकारी के अभाव के कारण किसानों में बायोगैस अपेक्षा अनुसार लोकप्रिय नहीं हो पा रहा है। इसके लिये कृषि विभाग, पशुपालन विभाग और एमपी एग्रो की संयुक्त टीम गठित की जाएँ, जो ग्रामीणों को बायोगैस के लाभ और बनाने की प्रक्रिया से अवगत करायें। डॉ. गोयल ने जिले में बायोगैस संयंत्र स्थापना की धीमी प्रगति पर नाराजगी भी व्यक्त की और कहा कि इसके निर्धारित लक्ष्य को हर परिस्थिति में 31 मार्च तक पूर्ण किया जाए।

Share This News :