Home > अपना शहर ,
अर्थाभावग्रस्त लेखक की श्रेणी में श्री धर्मपाल को 1500 रूपए प्रतिमाह की राशि स्वीकृत

आर्थिक रूप से कमजोर लेखकों, कलाकारों और आश्रितों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत कलेक्टर डॉ. संजय गोयल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में जिले के श्री धर्मपाल सोनी को 1500 रूपए प्रतिमाह की सहायता राशि स्वीकृत की गई।

      कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय विभाग सहित समि‍ति के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।

      बैठक में कलेक्टर डॉ. गोयल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ऐसे व्यक्ति जिन्होंने कला और साहित्य के क्षेत्र में विशेष योगदान दिया है, किंतु आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे हैं और ऐसे कलाकारों के आश्रितों को भी राज्य सरकार द्वारा सहायता प्रदान की जाती है। इसी योजना के अंतर्गत ग्वालियर जिले के श्री धर्मपाल सोनी निवासी मधुकर मैदायी मोहल्ला, सत्यनारायण मंदिर के पास ग्वालियर के आवेदन पर विचार करते हुए समिति द्वारा सर्वसम्मति से आर्थिक सहायता 1500 रूपए प्रतिमाह स्वीकृत की गई है।

      जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह ने बताया कि ऐसे कलाकार जिनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं हैं या उनके आश्रित विधवा पत्नी, नाबालिग बच्चे, विशेष परिस्थितियों पर उनके आश्रित माता-पिता, नाबालिग बहन, भाईयों को भी इस योजना के तहत सहायता दी जाती है। वित्तीय सहायता की राशि न्यूनतम 800 रूपए से अधिकतम 1500 रूपए प्रतिमाह स्वीकृत की जाती है, जिसका भुगतान जिला पंचायत कार्यालय द्वारा किया जाता है।

उन्होंने बताया कि इसके लिये कलाकार को मध्यप्रदेश का मूलनिवासी होना चाहिए तथा वह 60 वर्ष की आयु सीमा पूर्ण कर चुका हो, उसके समस्त साधनों से होने वाली मासिक आय अकेले व्यक्ति के लिये 1500 रूपए प्रतिमाह, दो सदस्यीय परिवार के लिये 2 हजार रूप्ए तथा तीन या अधिक सदस्यीय परिवार के लिये 3 हजार रूप्ए प्रतिमाह से अधिक नहीं होना चाहिए। ऐसे आवेदक अपना आवेदन जिला पंचायत में प्रस्तुत कर सकते हैं। उनके द्वारा प्रस्तुत आवेदन पत्रों की जाँच के उपरांत जिला स्तरीय समिति की स्वीकृति उपरांत आर्थिक सहायता की राशि स्वीकृत की जाती है।

Share This News :