Home > अपना शहर ,
“आनंद उत्सव” में पारंपरिक एवं आधुनिक खेलों का समागम

राहुली ने जीता मुरार विकासखण्ड का फायनल क्रिकेट मैच

विधायक श्री कुशवाह एवं एडीएम श्री वर्मा की मौजूदगी में खेला गया मैच 

जिले में आयोजित हो रहे “आनंद उत्सव” में पारंपरिक एवं आधुनिक खेलों का समागम, आपसी मेलजोल और खुशियों का माध्यम बन रहा है। इस क्रम में पारंपरिक खेलों के बाद शुक्रवार को मुरार विकासखण्ड के अंतर्गत यहाँ विक्रांत कॉलेज मैदान में ग्रामीण टीमों के बीच क्रिकेट का फाइनल मैच खेला गया। जिसमें ग्राम सिरोली की टीम ने राहुली की टीम को 10 विकेट से पराजित कर खण्ड स्तरीय खिताब पर कब्जा जमाया। फाइनल मैच स्थानीय विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में खेला गया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं आनंदम के नोडल अधिकारी श्री शिवराज वर्मा, एसडीएम श्री एच बी शर्मा, तहसीलदार श्रीमती शारदा पाठक व जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजीव मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण खेल प्रेमी मौजूद थे। 

दौड़-भाग भरी जिंदगी और जीवन की तमाम आपाधापियों के बीच खुशी के पल पैदा करने के मकसद से प्रदेश सरकार की पहल पर “आनंद उत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत 14 से 21 जनवरी तक खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगितायें आयोजित हो रही हैं। जिले की सभी 256 ग्राम पंचायतों को 85 सेक्टर में विभक्त कर यह प्रतियोगितायें आयोजित की जा रही हैं। खेलकूद प्रतियोगिताओं में रस्सकसी, खो-खो, कबड्डी, चम्मच दौड़, बोरी दौड़ इत्यादि जैसे पारंपरिक खेलों के साथ-साथ क्रिकेट प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी गाँव-गाँव में हो रहे हैं।

विक्रांत कॉलेज में खेले गए विकासखण्ड स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फायनल मैच का उदघाटन विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह, अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा व एसडीएम श्री एच बी शर्मा ने क्रिकेट खेलकर किया। इससे पहले अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन किया और इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।

फायनल मैच के समापन के बाद विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह ने विजेता टीम को कप और उपविजेता टीम को रनरअप का कप प्रदान किया। साथ ही पारितोषिक वितरित किए।

  

Share This News :