Homeअपना शहर,प्रमुख खबरे,slider news,
वार्ड 62 चकरामपुर का विद्यालय बना खंडहर, बच्चों की जान पर खतरा विधायक साहब सिंह गुर्जर ने सरकार को ठहराया जिम्मेदार

ग्वालियर : ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 62, चकरामपुर स्थित शासकीय प्राइमरी विद्यालय की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। सोमवार रात विद्यालय का भवन गिर गया। ग्रामीणों की सूचना पर मंगलवार सुबह विधायक साहब सिंह गुर्जर मौके पर पहुँचे और विद्यालय की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में है और बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी को स्थिति से अवगत कराया गौरतलब है कि पिछले वर्ष इसी विद्यालय की पटिया टूटने से मासूम बच्चों की जान जाते-जाते बची थी। उस समय भी विधायक ने सरकार और प्रशासन को चेताया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विधानसभा सत्र के दौरान भी इस गंभीर मुद्दे को उठाया गया था, किंतु शिक्षा मंत्री और कलेक्टर ने कोई कदम नहीं उठाया। विधायक ने कहा कि सरकार केवल कागज़ों पर शिक्षा के सपने दिखा रही है, जबकि ज़मीनी सच्चाई यह है कि मासूम बच्चे खंडहरनुमा विद्यालयों में पढ़ने को मजबूर हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत डबका और भोगीपुरा के विद्यालयों में भी हाल ही में छत का प्लास्टर गिर चुका है, जिसमें बच्चों की जान बाल-बाल बची थी। विधायक गुर्जर ने भाजपा सरकार को लापरवाही और नाकामी का जिम्मेदार ठहराते हुए मांग की कि ग्वालियर ग्रामीण क्षेत्र के सभी जर्जर विद्यालयों का तत्काल पुनर्निर्माण किया जाए।

Share This News :