'दोनों इंजनों का फेल होना गंभीर बात', एएआईबी जांच रिपोर्ट पर बोले पूर्व एयर मार्शल संजीव कपूर
अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया की फ्लाइट AI 171 के दर्दनाक हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट सामने आने के बाद अब सेवानिवृत्त एयर मार्शल संजीव कपूर ने इस पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में अभी भी कई संदेह और सवाल बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि जो प्रारंभिक रिपोर्ट सामने आई है, वह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है। मेरे मन में कई संदेह हैं।सबसे बड़ा सवाल यह है कि दोनों इंजन कैसे फेल हो गए?उन्होंने कहा कि हादसे से पहले विमान से 'मेडे कॉल' दी गई थी, जो पायलट तभी देता है जब स्थिति बहुत गंभीर और जानलेवा हो। उन्होंने कहा कि इसके अलावा रिपोर्ट में राम एयर टर्बाइन (आरएटी) के एक्टिवेट होने का जिक्र है, जो संकेत देता है कि दोनों इंजन और इलेक्ट्रिक सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुके थे।संजीव कपूर ने बताया कि बोइंग 787 विमान के मैनुअल के अनुसार, अगर दोनों इंजन बंद हो जाएं तो उन्हें दोबारा चालू करने के लिए लीवर को हाथ से दोबारा चालू (मूव) करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मेरी समझ के मुताबिक, टेकऑफ के तुरंत बाद ही दोनों इंजन फेल हो गए। पायलट्स ने ‘मेडे’ कॉल दी और इस थोड़े से समय में उन्होंने इंजन को दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश भी की।इसके साथ ही एयर मार्शल ने साफ किया कि जब तक पूरी जांच और अंतिम रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक यह कहना मुश्किल है कि वास्तव में क्या हुआ। लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि एक ही समय पर दोनों इंजन फेल होना बेहद असामान्य है और इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।गौरतलब है कि यह हादसा 12 जून को हुआ था, जब अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI 171 टेकऑफ के कुछ सेकंड के भीतर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भयावह हादसे में 260 लोगों की जान चली गई थी। इस हादसे के एक महीने के बाद शनिवार को एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने इस पर एक 15 पन्नों की प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की है, जिसकी अंतिम रिपोर्ट अगले कुछ महीनों में आने की उम्मीद है।