Homeराज्यो से ,slider news,
'पार्टी में दम घुट रहा था, अब और अन्याय नहीं सहूंगा -क्यों भाजपा से दिया इस्तीफा?

अपने बयान और बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में रहने वाले तेलंगाना के गोशामहल विधानसभा सीट से विधायक टी राजा सिंह ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे ने राज्य की राजनीति में जबरदस्त गर्माहट ला दी है। ऐसे में इस्तीफा देने के बाद पहली बार मीडिया से बात करते हुए सिंह ने अपने मन की बात की। इस दौरान उन्होंने भाजपा से अपनी नाराजगी के कारणों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मैं लगातार पार्टी को कहता रहा हूं कि तेलंगाना में भाजपा की सरकार बन सकती है। जमीनी स्तर पर कार्यकर्ता पूरी मेहनत कर रहे हैं। लेकिन जब प्रदेश अध्यक्ष तय करने की बात आती है, तो पार्टी को यह देखना चाहिए कि किस तरह के नेता को जिम्मेदारी दी जा रही है।बातचीत के दौरान उन्होंने पार्टी में उनके साथ की परेशानियों और पीड़ा का जिक्र किया। सिंह ने कहा कि मैं 2014 में भाजपा में शामिल हुआ, लेकिन तब से अब तक मुझे पार्टी में कई तरह की परेशानियां झेलनी पड़ीं। मुझे और मेरे क्षेत्र को बार-बार निशाना बनाया गया। कब तक सहूं ये अन्याय? अब तो पार्टी में दम घुटने लगा है।

नए अध्यक्ष के चुनाव को लेकर नाराजगी
सिंह ने आगे कहा कि मैं लंबे समय से कह रहा हूं कि प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर बूथ स्तर से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक चर्चा होनी चाहिए। हमें ऐसा नेता चाहिए जो आक्रामक हो, जो हिंदुत्व की बात करे। तेलंगाना की जनता को हिंदुत्व की बात करने वाले नेता पसंद हैं।

पीएम मोदी और शाह के संपर्क में हैं राजा सिंह
हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थक बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि चाहे मैं भाजपा में रहूं या नहीं, मोदी जी, अमित शाह जी और योगी जी का समर्थक हमेशा रहूंगा। सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता भी चाहते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष कोई ऐसा हो जो हिंदुत्व की खुलकर बात करे।

नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर नाराजगी
गौरतलब है कि अपने बेबाक बयानों को लेकर हमेशा से चर्चा में रहने वाले तेलंगाना के गोशामहल विधानसभा सीट से विधायक टी राजा सिंह ने तेंलागाना भाजपा प्रभारी की नियुक्ति से असंतोष जताते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफा के बाद पार्टी में हलचल तेज हो गई है। अपने इस्तीफा पत्र में भी सिंह ने अपनी नाराजगी को खुलकर जाहिर किया। उन्होंने इस्तीफा पत्र में लिखा कि मैं यह पत्र भारी मन और गहरी चिंता के साथ लिख रहा हूं। उन्होंने कहा कि रामचंद्र राव को तेलंगाना के लिए भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाना तय है।

राजा सिंह ने आगे लिखा कि यह निर्णय न केवल मेरे लिए बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं, नेताओं और मतदाताओं के लिए भी एक झटका और निराशा की तरह आया है, जो हर उतार-चढ़ाव में पार्टी के साथ खड़े रहे हैं। ऐसे समय में जब भाजपा तेलंगाना में अपनी पहली सरकार बनाने की दहलीज पर खड़ी है, इस तरह का चुनाव हमारी दिशा के बारे में गंभीर संदेह पैदा करता है।

 

Share This News :