राजा रघुवंशी हत्याकांड - सोनम का बैग जलवाने वाला बिल्डर लोकेंद्र तोमर पकड़ा
राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक और शख्स को हिरासत में लिया गया है। शिलॉन्ग पुलिस ने सोमवार को ग्वालियर के गांधीनगर से बिल्डिंग मालिक लोकेंद्र तोमर को पकड़ा है। जहां से लोकेंद्र को पकड़ा गया है वहां के गार्ड ने बताया है कि सिविल ड्रेस में चार लोग आए और लोकेंद्र को ले गए। शिलॉन्ग एसआईटी शाम करीब 4.30 बजे ग्वालियर के गांधीनगर एमके प्लाजा में 105 नंबर में पहुंची थी। गार्ड ने बताया कि सिविल ड्रेस में आए ये चार लोग गाड़ी दूर खड़ी करके अपार्टमेंट में आए और फिर वे लोकेंद्र तोमर को अपने साथ में ले गए।
आठ आरोपी गिरफ्तार
सोनम रघुवंशी
राज कुशवाह
विशाल चौहान
आकाश राजपूत
आनंद कुर्मी
बिल्डिंग मालिक लोकेंद्र तोमर
कॉन्ट्रैक्टर शिलोम जेम्स
गार्ड बलवीर अहिरवार
लोकेंद्र इंदौर की उस बिल्डिंग का मालिक है, जिसके फ्लैट में सोनम रुकी थी। उसने ये बिल्डिंग शिलोम जेम्स को किराए पर दी थी। पुलिस शिलोम और बलवीर को पहले ही पकड़ चुकी है। राजा की हत्या के बाद इंदौर लौटी सोनम देवास नाका स्थित जिस फ्लैट में रुकी थी, उसी में उसने काले रंग का यह बैग भी छोड़ दिया था। शिलॉन्ग पुलिस लंबे समय से इस बैग को तलाश रही थी। जब पुलिस ने इस फ्लैट के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो इस बैग के बारे में जानकारी मिली। बाद में बैग फ्लैट में नहीं मिला तो पुलिस ने इसकी पूछताछ की। फिर पुलिस ने बिल्डिंग के कॉन्ट्रैक्टर शिलोम जेम्स और गार्ड बलवीर अहिरवार को भी गिरफ्तार कर लिया। 22 जून की रात शिलॉन्ग पुलिस ने शिलोम और बलवीर को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को 7 दिन की ट्रांजिट रिमांड में भेजा है। अब बिल्डिंग के मालिक लोकेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। शिलोम जेम्स के मोबाइल में मिली चैट से पता चला है कि लोकेंद्र तोमर के कहने पर ही उसने सोनम का बैग जलाया गया था। शिलोम जेम्स ने पूछताछ में यह भी बताया है कि जिस बिल्डिंग में सोनम ठहरी थी, उसे उसने लोकेंद्र से तीन लाख रुपए प्रति माह किराए पर लिया था। वह अलग-अलग किराएदारों को वहां पर ठहराता था। उसने ही सोनम को भी फ्लैट दिया था। सोनम की गिरफ्तारी के बाद लोकेंद्र ने शिलोम पर दबाव बनाया था कि फ्लैट से तुरंत बैग हटाकर उसे जला दिया जाए। उसी बैग में राजा और सोनम के मोबाइल फोन सहित कई अहम सबूत थे। पुलिस को अब जले हुए बैग से जो सामान जब्त हुआ है, उसकी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।
वहीं दूसरी तरफ राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में पुलिस की पूछताछ से उनके परिजन संतुष्ट नहीं हैं। राजा के भाई विपिन को शंका है कि टैक्सी ड्राइवर झूठ बोल रहा है। इंदौर से गाजीपुर जाने के दौरान सोनम ने कुछ भी नहीं कहा हो ऐसा नहीं हो सकता है। हमें अभी तक समझ नहीं आ रहा है कि आखिर राजा को मारने की वजह क्या है? सोनम का नार्को टेस्ट कराने के लिए भी राजा के भाई सचिन ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की बात कही है। राजा के भाई सचिन ने कहा कि उन्होंने हत्या क्यों की? मैं नार्को टेस्ट की मांग करते-करते थक गया हूं। मुझे ये हजम नहीं हो रहा है कि उन्हें जेल भेज दिया गया है। अब नार्को टेस्ट के लिए जहां जरूरत होगी, हाईकोर्ट-सुप्रीम कोर्ट, मैं सब जगह जाऊंगा। राजा की हत्या करने का उद्देश्य समझ नहीं आ रहा है। क्या उसको मारना ही आरोपियों का मकसद था? मुझे लगता है कि तंत्र-मंत्र के लिए ही ऐसा किया गया है। राज कुशवाह 15-20 हजार रुपए महीना कमाता था, वह चाहता तो सोनम को पहले ही लेकर भाग जाता।