चलती-फिरती दुकान बन चुके वाहनों पर प्रशासन की टेढ़ी नजर, 17 वाहनों के पंजीयन रद्द करने के नोटिस
इंदौर में अब ठेले-गुमटियों के बजाए वाहनों से सड़कों पर अतिक्रमण होने लगा है। शहर में धड़ल्ले से चार पहिया वाहनों को मोडिफाई कर दुकान व रेस्त्रां बनाया जा रहा है। इसे लेकर प्रशासन ने अब सख्त रवैया अपनाना शुरू कर दिया है।
बता दें कि परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे उन मोडिफाई वाहनों को चिन्हित करे, जिसमें दुकान व रेस्त्रां संचालित हो रहे हैं। कई सब्जीविक्रेता भी ठेले के बजाए आजकल रिक्शा व ई रिक्शा में सब्जियां बेचने लगे हैं। इस कारण भी यातायात बाधित होता है। परिवहन विभाग ने फिलहाल सत्रह वाहनों के पंजीयन रद्द करने का नोटिस दिया है। आने वाले समय में अन्य वाहनों के पंजीयन रद्द करने की तैयारी की जा रही है।शहर में शाम के समय मोडिफाई वाहन दुकान में तब्दील हो जाते हैं। दुकानदारों ने शहर में कई जगह बाकायदा स्थान तय कर रखे हैं। वहां पर अस्थाई बिजली कनेक्शन भी ले रखे हैं। शाम के दुकानों में खाने-पीने की वस्तुएं बिकने लगी हैं। एमआईजी, मरीमाता चौराहा, पंढरीनाथ, विजय नगर, साकेत, महूनाका सहित कई मार्गों पर रात के समय सड़क किनारे चलती फिरती दुकानें लग जाती हैं। जैसे ही उन्हें रिमूवल गैंग के आने की भनक लगती है तो वाहन स्टार्ट कर दुकानें इधर-उधर गलियों में छुप जाते हैं। पिछले दिनों ट्रैफिक सुधार समिति में इन दुकानों का मुद्दा उठा था। विशेषज्ञों ने कहा था कि शाम के समय ट्रैफिक जाम की एक वजह इस तरह की लगने वाली दुकानें भी हैं।