एक अरब यात्रियों को ढोने वाले ड्रीमलाइनर विमान का पहला बड़ा हादसा, 1100 से अधिक जेट सेवा में
लंबी दूरी की उड़ानों वाले बोइंग के ड्रीमलाइनर विमानों ने पहली बार 14 साल पहले उड़ान भरी थी। अब पूरी दुनिया में ऐसे 1,100 से अधिक विमान सेवा में हैं। ऐसे में, गुरुवार को हुए अहमदाबाद में प्लेन क्रैश के बाद से बोइंग कंपनी सवालों के घेरे में है। लंदन जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान टेक ऑफ के तुरंत बाद एयरपोर्ट के पास क्रैश हो गया। इस त्रासदी में विमान में सवार 241 लोगों की जान चली गई। यह पहली बार था कि सबसे ज्यादा बिकने वाले वाइड-बॉडी बोइंग 787 के साथ इतना भयानक हादसा हुआ।
विमानन विश्लेषण फर्म सिरियम के अनुसार, दुर्घटना में शामिल एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान साढ़े 11 वर्ष पुराना था और 41,000 घंटों से अधिक उड़ान भर चुका था। जानकारी के अनुसार दुनियाभर में बोइंग 787 के 1,148 संस्करण सेवा में हैं, जिनकी औसत आयु साढ़े सात वर्ष है।
वर्तमान में भारत में एअर इंडिया और इंडिगो दो भारतीय एअरलाइंस हैं जो बोइंग 787-8 विमानों का संचलान करते हैं। एअर इंडिया के बेड़े में कुल 34 बोइंग 787-8 विमान है। इनमें से 27 बोइंग 787-8 पुराने विमान हैं। जुलाई में पहले बोइंग 787-8 को रेट्रोफिट के लिए भेजा जाएगा। "रेट्रोफिट" विमान के संदर्भ में, इसका मतलब है कि विमान को नए या अपडेट किए गए भागों और उपकरणों से लैस करना। पिछले साल विस्तारा के साथ विलय के बाद बचे सात बी 787-9 एअर इंडिया के बेड़े में शामिल हुए थे।सिरियम ने बताया कि इस विमान में 18 बिजनेस क्लास सीटें और 238 इकॉनोमी क्लास सीटें थीं। इसने 41,000 घंटों से अधिक उड़ान भरी थी और लगभग 8,000 बार उड़ान भरी थी और लैंडिंग की थी, जिसमें पिछले 12 महीनों में 700 बार उड़ान भरी गई थी। यह उस विमान निर्माण वर्ष के लिए औसत है। सीरियम के अनुसार एअर इंडिया ने 20 अतिरिक्त बी787 विमानों का ऑर्डर दिया है और 24 अतिरिक्त विमानों के लिए विकल्प हेतु आशय पत्र भी दिया है। हाल ही में इंडिगो ने नॉर्वेजियन एअरलाइन नॉर्स अटलांटिक से लीज पर लिए गए बी 787 का परिचालन शुरू किया है। इंडिगो लंबी दूरी के परिचालन के लिए ऐसे कुल छह विमान लीज पर लेने जा रही है।कुछ वर्ष पहले अमेरिकी विमानन नियामक संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने कुछ मुद्दों के कारण ड्रीमलाइनर विमानों की आपूर्ति रोक दी थी। लेकिन गुरुवार से पहले विमान किसी भी घातक दुर्घटना में शामिल नहीं था। एअर इंडिया को 2013 में ड्रीमलाइनर्स में बैटरी संबंधी समस्या के कारण परेशानी हुई थी। बैटरी की समस्या के कारण एअर इंडिया को भी अपने ड्रीमलाइनर बेड़े को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था। उस समय एअरलाइन के पास ऐसे छह विमान थे। इसके अलावा, एअरलाइन को इन मुद्दों के लिए बोइंग से मुआवजा भी मिला था।बोइंग ने हाल के वर्षों में अनेक चुनौतियों का सामना किया है। फिर भी बी787 को अब तक का सबसे ज्यादा बिकने वाला यात्री वाइड-बॉडी विमान बताया गया है। ड्रीमलाइनर तीन मॉडल में आते हैं- 787-8, 787-9 और 787-10। 787-8 की रेंज 13,530 किलोमीटर तक है। बोइंग वेबसाइट के अनुसार, विमान की लंबाई 57 मीटर, ऊंचाई 17 मीटर और पंखों का फैलाव 60 मीटर है। यह विमानन इतिहास में किसी भी अन्य वाइड-बॉडी जेट की तुलना में सबसे अधिक है। इसमें बताया गया कि विमान की हल्की और मिश्रित संरचना के कारण दूसरी विमानों की तुलना में इसमें 25 प्रतिशत कम ईंधन लगता है। बी 787 ने दुनिया भर में 425 से अधिक नए नॉन-स्टॉप मार्ग खोले हैं। ड्रीमलाइनर बेड़े ने 14 वर्षों से भी कम समय में 1 अरब से अधिक यात्रियों को परिवहन किया है।