हजारों लोगों को दिलाई ईश्वर को न मानने की शपथ, कहा- ब्रह्मा, विष्णु और महेश को कभी भगवान नहीं मानूंगा
ग्वालियर जिले के भितरवार में बौद्ध धर्म सम्मेलन के दौरान लोगों को हिंदू देवी-देवताओं को नहीं मानने और उनकी पूजा नहीं करने की शपथ दिलाने का वीडियो सामने आया है, जिसमें सैकड़ों लोगों को शपथ दिलाई गई। शपथ में कहा गया कि "मैं ब्रह्मा, विष्णु और महेश को कभी ईश्वर नहीं मानूंगा, न ही मैं उनकी पूजा करूंगा। मैं राम और कृष्ण को ईश्वर नहीं मानूंगा और उनकी पूजा कभी नहीं करूंगा। मैं गौरी, गणपति आदि हिंदू धर्म के किसी भी देवी-देवताओं को नहीं मानूंगा और उनकी पूजा नहीं करूंगा।बता दें कि 96 गांव जाटव समाज सुधार समिति ने 6 से 8 जून तक तीन दिवसीय बौद्ध धम्म सम्मेलन का आयोजन किया था, जिसमें मुख्य धम्मोपदेशक भदंत शाक्यपुत्र सागर महाथेरो, अध्यक्ष– द बुद्ध भूमि धम्मदूत संघ भोपाल ने हजारों लोगों को शपथ दिलाई थी। शपथ में यह भी कहा गया- मैं यह विश्वास नहीं करूंगा कि ईश्वर ने अवतार लिया है। मैं कभी यह नहीं मानूंगा कि भगवान बुद्ध विष्णु के अवतार हैं। ऐसे प्रचार को मैं पागलपन और झूठा प्रचार मानता हूं। मैं कभी श्राद्ध नहीं करूंगा और ना ही पिंडदान करूंगा। मैं बौद्ध धर्म के विरुद्ध कोई भी कार्य नहीं करूंगा। मैं कोई भी क्रिया-कर्म ब्राह्मणों के हाथ से नहीं कराऊंगा।96 गांव जाटव सुधार समिति के अध्यक्ष रूपेंद्र वर्मा ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज की कुरीतियों को दूर करना था। सोशल मीडिया पर फैल रही डेढ़ लाख लोगों के धर्म परिवर्तन की खबर गलत है। सम्मेलन का उद्देश्य किसी धर्म का अनादर करना नहीं था और समिति इस तरह की गतिविधियों से सहमत नहीं है। इस मामले में एसडीओपी जितेंद्र नगाइच का कहना है कि अभी तक इस मामले में किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।