बिजली बिल के झगड़े ने ली जान, लाठी-डंडों से ग्रामीण की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
जिला पुलिस ने इछावर में हुई एक हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। करीब दस दिन पहले इन आरोपियों ने गांव के कुछ लोगों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की थी। इस हमले में घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी।पुलिस के मुताबिक, यह घटना 7 मई की रात करीब 10 बजे की है। बिजली का बिल भरने को लेकर हुए झगड़े में आरोपियों ने फरियादी राजमल, उसके पिता लखनलाल, मां राजूबाई और मामा छोटेलाल के साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की थी। इस हमले में छोटेलाल (पिता मिश्रीलाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी रूपदा) गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब हत्या की धारा 103(1) बीएनएस को भी इसमें जोड़ा गया है।पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश पर गंभीर मामलों में तुरंत कार्रवाई करते हुए इछावर पुलिस ने हत्या के तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी भैरूंदा दीपक कपूर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम बनाई गई। इस टीम ने मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों को रूपादा गांव के श्मशान घाट के पास से पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम हैं:
धर्मेन्द्र कोरकू (24 वर्ष), पिता सजन कोरकू, निवासी रूपादा
दिनेश (35 वर्ष), पिता सत्यनारायण, निवासी पचोला, थाना हंडिया, जिला हरदा
प्रदीप (20 वर्ष), पिता लखन, निवासी रूपादा
पुलिस ने इन सभी के खिलाफ हत्या के आरोप में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस इनसे कड़ी पूछताछ कर रही है और इनके पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।