एमपी बोर्ड के नतीजों की तारीख घोषित, 10वीं और 12वीं के एक साथ आएंगे परिणाम
मध्यप्रदेश में हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी के छात्र-छात्राओं का लंबे समय से बोर्ड परीक्षा परिणाम का इंतजार खत्म होने वाला है। MP बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं के नतीजे छह मई को घोषित किए जाएंगे। रिजल्ट का एलान छह मई को सुबह दस बजे मुख्यमंत्री निवास से किया जाएगा।बता दें कि इस साल लाखों विद्यार्थियों ने एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं दी हैं और अब सभी को अपने नतीजों का बेसब्री से इंतजार है। विद्यार्थी एमपी बोर्ड रिजल्ट mpbse.nic.in और mpresults.nic.in पर जाकर चेक कर सकेंगे। विद्यार्थियों को एमपी बोर्ड आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट चेक करने के लिए दो डिटेल्स की जरूरत होंगी। रोल नंबर और एप्लीकेशन नंबर। नतीजे जारी होने पर रोल नंबर और एप्लीकेशन नंबर डालकर रिजल्ट व मार्कशीट चेक कर सकेंगे। मध्यप्रदेश बोर्ड ने 2024-25 सेशन के 10वीं बोर्ड का एग्जाम 27 फरवरी से 19 मार्च तक लिया था।जबकि 12वीं बोर्ड एग्जाम का आयोजन 25 फरवरी से 25 मार्च तक हुआ था। मैट्रिक और इंटर, दोनों परीक्षाओं में कुल 16,60,252 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। इनमें से 7,06,475 स्टूडेंट्स 12वीं के जबकि 10वीं के 9,53,777 विद्यार्थियों ने परीक्षा दिया था।पिछले वर्ष एमपी बोर्ड 12वीं की परीक्षा में 64.49 प्रतिशत जबकि 10वीं बोर्ड में 58.10 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने बोर्ड परीक्षा पास की थी। ये आंकड़े 2023 के मुकाबले थोड़े बेहतर थे, जब पास प्रतिशत क्रमशः 55.10% और 55.28% रहा था। अब इस बार देखना होगा कि एमपी बोर्ड परीक्षा में कितने छात्र उत्तीर्ण होते हैं।