Home > अपना शहर ,
पाले से बचाव के लिये कृषकों को सलाह

खेत की मेड़ पर धुंआ कर फसलों को पाले से बचाएँ 

संभाग के जिलों में तापमान तेजी से कम होने की संभावना बताई गई है। कुछ क्षेत्रों में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से कम रह सकता है। तापमान में होने वाली इस गिरावट का असर फसलों पर पाले के रूप में होने की आशंका रहती है। आसमान साफ होने, हवा का बहाव कम होने के साथ तापमान में गिरावट से पाला पड़ने के संकेत मिलते हैं। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने सभी संभागों के लिये विशेष सलाह जारी करते हुए प्रभावित क्षेत्रों के समस्त मैदानी अमले को पाले से बचाव के उपायों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।

      किसानों को समझाईश दी जा रही है कि रात्रि में खेत की मेड़ों पर कचरा तथा खरपतवार आदि जलाकर विशेष रूप से उत्तर-पश्चिमी छोर से धुंआ करें, जिससे धुंए की परत फसलों के ऊपर अच्छादित हो जाए। फसलों में खरपतवार नियंत्रण करना भी आवश्यक है क्योंकि खेतों में उगने वाले अनावश्यक तथा जंगली पौधे सूर्य की उष्मा भूमि तक पहुँचाने में अवरोध उत्पन्न करते हैं। इस प्रकार तापमान के असर को कुछ हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

      इस संबंध में भारत सरकार कृषि मंत्रालय द्वारा अनुशंसित सलाह के अनुसार शुष्क भूमि में पाला पड़ने का जोखिम अधिक होता है। अत: फसलों में स्प्रिंकलर के माध्यम से हल्की सिंचाई करें। थायो यूरिया की 500 ग्राम मात्रा का एक हजार लीटर पानी में घोल बनाकर 15 – 15 दिन के अंतर से छिडकाव भी पाले के विरूद्ध उपयोगी उपाय है।  8 से 10 किलोग्राम सल्फर डस्ट प्रति एकड़ का बुरकाव अथवा वेटेबल या घुलनशील सल्फर 3 ग्राम प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करने से भी पाले के असर को नियंत्रित किया जा सकता है।

Share This News :